scriptदेश में मछुआरों के भेष में घुस सकते हैं पाक आतंकी, अलर्ट जारी | Pakistan terrorists may enter in India faking as fishermen | Patrika News

देश में मछुआरों के भेष में घुस सकते हैं पाक आतंकी, अलर्ट जारी

Published: Oct 08, 2016 09:14:00 am

खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तानी घुसपैठिए समुद्र के जरिए भारत में प्रवेश कर सकते हैं

BSF

BSF

नई दिल्ली। देश की खुफिया एजेंसियों ने गुजरात पुलिस को अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि पाकिस्तानी घुसपैठिए समुद्र के जरिए भारत में प्रवेश कर सकते हैं। एजेंसियों के अनुसार पाकिस्तानी मछुआरे आतंकियों के लिए जासूसी का काम कर सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि आतंकी मछुआरों के वेष में घुसैठ करने की फिराक में हैं।

खुफिया एजेंसियों के अनुसार पाक मछुआरे आईएसआई को देश में घुसने के समुद्री रास्तों के बारे में जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा गुजरात के कच्छ और बनासकांठा जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा से भी घुसपैठ की आशंका है। उच्च रक्षा सूत्रों ने बताया कि उन्होंने गुजरात पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को इसके लिए अलर्ट किया है। चेतावनी के बाद कच्छ तथा बनासकांठा में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

पुलिस ने बताया कि हाल में ही पोरबंदर और कच्छ तट के पास से गिरफ्तार 18 पाकिस्तानी मछुआरों से गहन पूछताछ चल रही है। पुलिस के एक उच्च अधिकारी ने बताया कि जब्त की गई बोट में से मछली पकड़ने का एक भी जाल नहीं मिला जबकि बोट पर 9 पाकिस्तानी सवार थे। इन सभी की उम्र 16 से 35 साल के बीच है।

पुलिस ने बताया कि जब्त की गई नाव 9 लोगों के लिहाज से काफी छोटी है, साथ ही नाव पर मछली पकड़ने का जाल नहीं मिलना भी संदेह का कारण है। पुलिस ने आशंका जताई कि ये सभी भारतीय तटरक्षकों को देख भागने की फिराक में थे। इन सभी से कड़ी पूछताछ की जा रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो