scriptकिसानों से अनाज मंडियों में मिले राहुल गांधी | Rahul travel by train to meet farmers | Patrika News

किसानों से अनाज मंडियों में मिले राहुल गांधी

Published: Apr 28, 2015 10:03:00 pm

राहुल गांधी अंबाला से होते हुए पंजाब की सरहिंद अनाज मंडी पहुंचे और वहां अपना अनाज
लेकर कई दिनों से खरीद का इंतजार कर रहे किसानों से मिलकर उनका दुखड़ा सुना

rahul gandhi

rahul gandhi

चंडीगढ़। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस के आग्रह पर मंगलवार को एशिया की सबसे बड़ी मंडी खन्ना, सरहिंद और मंडी गोबिंदगढ़ का दौरा कर किसानों तथा पल्लेदारों से मिलकर उनकी व्यथा सुनी और उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। गांधी हरियाणा के अंबाला से होते हुए पंजाब की सरहिंद अनाज मंडी पहुंचे और वहां अपना अनाज लेकर कई दिनों से खरीद का इंतजार कर रहे किसानों से मिलकर उनका दुखड़ा सुना।

उन्होंने किसानों से मंडियों में खरीद प्रबंधों तथा लदान के बारे में पूछा। इसी दौरान, बरसात शुरू होने से किसानों का खुले में पड़ा अनाज भीग गया। उन्होंने कहा कि वह संसद में भी किसानों की आवाज उठा रहे हैं और अब वह मंडियों में किसानों की आवाज बनने पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को किसानों के पास पहुंचने की फुर्सत कहां क्योंकि वो तो विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं, लेकिन कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और उसका समर्थन मिलेगा।

कांग्रेस पंजाब में उनके हकों तथा मांगों के लिए संघर्ष करेगी। जल्द ही धरना प्रदर्शन का एक कार्यक्रम शुरू किया जाएगा जिसके जरिए विधायक तथा नेता और कार्यकर्ता धरने देंगे। बारिश तथा ओलावृष्टि से प्रभावित जिन किसानों की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। वे पहले ही परेशान हैं और अब उनके माल को खरीदने में हो रही देरी से उनकी दुर्दशा का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। इसी अनाज पर उनके परिवार का सारा दारोमदार टिका होता है।

किसानों ने उन्हें बताया कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल सरकार को किसानों की कोई फिक्र नहीं जिसके कारण गेहूं की खरीद नहीं हो पा रही है। गर्मी में वे रात दिन अपने माल की रखवाली कर रहे हैं। मंडियों में सुविधाओं का भी अभाव है। जिन किसानों का अनाज खरीद लिया है उन्हें अभी अदायगी नहीं मिल पा रही है। यही कारण है कि किसानों को रेल रोको अभियान चल रहा है। सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो वे संघर्ष तेज करेंगे।

उसके बाद गांधी ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह उनके साथ हैं तथा आलाकमान को इस बारे में अवगत कराएंगे। साथ ही पार्टी के नेताओं से राज्य की मंडियों में जाकर किसानों के लिए संघर्ष करने की बात करेंगे ताकि सरकार पर उनकी मांगों को लेकर दवाब बनाया जा सके।

उसके बाद गांधी ने मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना अनाज मंडियों का दौरा कर वहां के हालात पर किसानों तथा मजदूरों से बातचीत की। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा, कांग्रेस के पंजाब मामलों के प्रभारी शकील अहमद, पूर्व सांसद विजय इंदर सिंगला, कुलजीत नागरा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमजीत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता माजूद थे।

गांधी ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसानों से बातचीत करके आगे बढ़ गए। बाजवा ने उन्हें अवगत कराया कि किसान हफ्तों से मंडी में अपने अनाज के साथ पड़े हैं, लेकिन कोई उनके गेहूं को खरीदने को तैयार नहीं। किसान में निराशा और हताशा तेजी से बढ़ रही है। मंडियों में किसानों का माल बिना मोल भाव के खरीदा गया है और दलालों के साथ मिलकर उसे ऊंचे दामों पर बेचा जाएगा, लेकिन किसान को कम कीमत मिलेगी।

किसानों की हालत को देखते हुए कांग्रेस आलाकमान ने सभी विधायकों तथा सांसदों की डयूटी अनाज मंडियों का दौरा करने की लगाई और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा सहित सभी विधायक और बड़े नेता किसानों से मिलकर उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष उठा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर धरना देने की बात भी बाजवा ने कही है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो