scriptसहारा को झटका, सेबी ने किया म्यूचुअल फंड का रजिस्ट्रेशन रद्द | Sebi cancels Sahara’s mutual fund registration | Patrika News

सहारा को झटका, सेबी ने किया म्यूचुअल फंड का रजिस्ट्रेशन रद्द

Published: Jul 29, 2015 07:37:00 am

सोमवार को सेबी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सहारा समूह के म्यूचुअल फंड का कारोबार करने वाली कंपनी का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है

sebi

sebi

मुंबई। सहारा समूह की मुश्किल बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को सेबी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सहारा समूह के म्यूचुअल फंड का कारोबार करने वाली कंपनी का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है। सेबी के मुताबिक, सहारा एमएफ कारोबार के लिए फिट नहीं हैं। सेबी ने सहारा एमएफ को अपना कारोबार दूसरे फंड हाउस में ट्रांसफर करने का आदेश दिया है। पिछले चार वर्षो से सहारा का सेबी से कानूनी विवाद चल रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक सेबी ने सहारा समूह की वर्तमान आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया है। सेबी ने सहारा समूह को म्यूचुअल फंड बाजार से 6 महीनों के लिए निलंबित करते हुए निर्देश दिया है कि कंपनी अपने ग्राहकों को 5 महीनों के भीतर किसी अन्य कंपनी को ट्रांसफर कर दे। अन्यथा कंपनी को अपने ग्राहकों की निवेश राशि बिना किसी अन्य चार्ज के 30 दिनों के भीतर वापस करनी होगी।

सेबी के इस कदम को सहारा समूह को दिए एक नए झटके के रूप में देखा जा रहा है। पहले ही सहारा समूह को अपनी दो हाउसिंग कंपनियों के लिए बाजार से जुटाई रकम 17,600 करोड़ रूपए ( जोकि 15 प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर से बढ़कर करीब 36000 करोड़ हो चुकी है। ) लौटाने का दबाव है। जिसके चलते कंपनी के प्रवर्तक सुब्रत रॉय सहारा पिछले करीब 15 महीनों से जेल में बंद है, और सहारा समूह अपनी संपत्तियां बेंचकर भी उनकी जमानत के लिए आवश्यक 5000 करोड़ जैसी रकम नहीं चुका पा रहा है।

सेबी के आदेश के अनुसार सहारा म्यूचुअल फंड्स और सहारा एसेट्स मैनेजमेंट कंपनी को वर्तमान ग्राहकों का सब्सक्रेप्शन तत्काल बंद करना होगा। इसके साथ ही सहारा समूह को इन कंपनियों के ट्रस्टी बोर्ड को भी भंग करना होगा। ग्राहकों को किसी अन्य कंपनी को ट्रांसफर करने के बाद नए सिरे से ट्रस्टी बोर्ड का गठन हो सकेगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो