scriptसेना का एक जवान गलती से पहुंचा एलओसी पार | Soldier mistakenly crossed LOC, have informed Pakistan : Indian Army | Patrika News
विविध भारत

सेना का एक जवान गलती से पहुंचा एलओसी पार

सेना की देर रात जारी विज्ञप्ति में कहा गया है, 37 राष्ट्रीय राइफल्स का
एक जवान गलती से रास्ता भटककर नियंत्रण रेखा के पार चला गया है

Sep 30, 2016 / 12:07 am

जमील खान

Indian Soldier

Indian Soldier

नई दिल्ली। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी मीडिया में आई इन खबरों का गुरुवार देर रात खंडन किया कि पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई में आठ भारतीय सैनिक मारे गए हैं, लेकिन कहा कि सेना का एक जवान गलती से नियंत्रण रेखा के पार चला गया और उसके बारे में पाकिस्तान को सूचित कर दिया गया था। सेना की देर रात जारी विज्ञप्ति में कहा गया है, 37 राष्ट्रीय राइफल्स का एक जवान गलती से रास्ता भटककर नियंत्रण रेखा के पार चला गया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि सैन्य संचालन महानिदेशक ने हॉटलाइन पर पाकिस्तान को इसकी सूचना दे दी है। विज्ञप्ति के अनुसार, सेना और आम नागरिकों द्वारा इस तरह गलती से दूसरी ओर जाना असामान्य बात नहीं है। उन्हें मौजूदा व्यवस्था के तहत वापस भेज दिया जाता है। सेना ने कहा है कि पाकिस्तानी मीडिया के एक वर्ग में आठ भारतीय जवानों के मारे जाने की रिपोर्टें पूरी तरह से झूठी और निराधार हैं।

इससे पहले, भारत ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार आतंकवादियों के लांच पैड्स को निशाना बनाते हुए बुधवार-गुरुवार की रात ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ किया और आतंकियों को भारी नुकसान पहुंचाया। पाकिस्तान ने ‘सर्जिकल स्ट्राइकà से इनकार करते हुए जोर देकर कहा है कि केवल दोनों तरफ से गोलीबारी हुई है जिसमें उसके दो जवान मारे गए हैं।

सेना ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में सैन्य शिविर पर 18 सितम्बर को हुए आतंकवादी हमले के 11 दिन बाद भारतीय विशेष बलों ने बुधवार की देर रात एलओसी के पार कुछ आतंकी दलों को निशाना बनाया। उड़ी हमले में 18 जवान शहीद हो गए थे। डायरेक्टर जनरल मिलिट्री ऑपरेशंस (डीजीएमओ) लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने मीडिया को बताया आतंकवाद के खिलाफ इस अभियान में आतंककारियों तथा उनके समर्थकों को भारी नुकसान हुआ।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भारत को चेतावनी दी है। इसके बाद भारतीय अधिकारियों ने पंजाब और गुजरात के सीमाई इलाकों में उच्च सतर्कता बरतने का आदेश दिया है और कहा है कि वह पाकिस्तान के किसी भी बदले की कार्रवाई के लिए तैयार हैं।

भारत में पंजाब सीमा से लगे 10 किलोमीटर क्षेत्र के गांव के लोगों को सुरक्षित जगहों पर चले जाने का आदेश दिया गया है। पूरे इलाके के विद्यालय भी बंद हैं। पुलिस और चिकित्साकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। भारत की ओर से नियंत्रण रेखा के पार ‘सर्जिकल स्ट्राइकÓ की घोषणा के कुछ ही मिनट बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने इसकी निंदा करते हुए इसे भारतीय सेना की ‘बिना किसी उकसावे की कार्रवाईà करार दिया।

उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पाकिस्तान शांतिपूर्ण पड़ोस के पक्ष में है और देश के ‘शांतिपूर्ण रवैयेÓ को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ‘देश की संप्रभुता को कमजोर करने वाले किसी भी साजिश को नाकाम कर सकता है।à

केंद्र सरकार ने नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक की और बुधवार की रात हुए ‘सर्जिकल स्ट्राइकÓ की जानकारी दी। भारतीय सेना ने विस्तृत ब्यौरा नहीं जारी किया है लेकिन ऐसी खबरें हैं कि भारतीय विशेष बलों ने नियंत्रण रेखा के तीन किलोमीटर अंदर तक जाकर लौटने से पहले 38 आतंकियों को ढेर कर दिया है।

जनरल रणबीर सिंह ने कहा कि जिन आतंकवादियों को निशाना बनाया गया, उन्होंने जम्मू एवं कश्मीर में घुसपैठ कर भारत के अन्य शहरों में हमले करने की साजिश की थी। उन्होंने कहा, अभियान यह सुनिश्चित करने के लिए था कि ये आतंकवादी घुसपैठ में कामयाब न हों और इनसे देश के नागरिकों को कोई खतरा नहीं हो। जनरल रणबीर सिंह ने कहा, अभियान बंद कर दिया गया है। अभियान जारी रखने की कोई योजना नहीं है। हालांकि भारतीय सुरक्षाबल किसी भी तरह की स्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय कार्रवाई बहुत विश्वसनीय जानकारी के आधार पर की गई।

Home / Miscellenous India / सेना का एक जवान गलती से पहुंचा एलओसी पार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो