scriptसुरेश रैना की शादी से पहले 30 मार्च को होगी उनके साले की शादी | Suresh Raina will marry on 03 April | Patrika News

सुरेश रैना की शादी से पहले 30 मार्च को होगी उनके साले की शादी

Published: Mar 23, 2015 12:45:00 am

30 मार्च को मेरठ में सुरेश रैना के साले और उनकी पत्नी प्रियंका के भाई विवेक की शादी होने जा रही

नई दिल्ली। 30 मार्च को मेरठ में सुरेश रैना के साले और उनकी पत्नी प्रियंका के भाई विवेक की शादी होने जा रही। दोनों शादी के लिए रैना की सास 25 मार्च को अपने मायके टीकरी में भात न्योत के लिए आ रही है। इसके लिए टीकरी में तैयारियां चल रही हैं। प्रियंका इन दिनों शादी की तैयारी में व्यस्त है। लखनऊ के एक पांच सितारा होटल में सुरेश रैना और प्रियंका चौधरी विवाह बंधन में बंधेंगे। लेकिन, इससे पहले 30 मार्च को प्रियंका के भाई विवेक की मेरठ में शादी होनी है।

रैना की वाइफ प्रियंका इन दिनों दिल्ली, मुंबई आदि जगहों से अपनी और भाई की शादी के लिए खरीदारी कर रही हैं। प्रियंका की मां सुशीला, पिता तेजपाल सिंह और अन्य परिजन 25 मार्च को भात न्योतने के लिए टीकरी आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार यह लोग 25 मार्च की सुबह टीकरी पहुंचेंगे और शाम को वापस चले जाएंगे। विवेक और प्रियंका के भाई के भात का न्यौता एक ही दिन दिया जाएगा। विवेक की शादी का कार्ड प्रियंका का दूसरा भाई अभिषेक पहले ही टीकरी पहुंचकर दे चुका है, लेकिन प्रियंका की शादी का कार्ड अभी तक नहीं आया है। प्रियंका की शादी का कार्ड विवेक की शादी के दौरान ही दिया जाएगा।

शुरू हुई रैना की शादी की तैयारियां-

जैसे-जैसे क्रिकेटर सुरेश रैना व प्रियंका चौधरी की शादी की तारीख नजदीक आ रही है, बागपत के लोगों की उत्सुकता भी बढ़ती जा रही है। शादी को लेकर जानकारी मिली है कि रैना-चौधरी लखनऊ एक पांच सितारा होटल में परिणय सूत्र में बंधेंगे, जबकि रिसेप्शन दिल्ली में होगा। रिसेप्शन में प्रियंका गुलाबी रंग का लहंगा पहनेंगीं।

अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ही रैना व प्रियंका की शादी होगी। इससे पहले प्रियंका के छोटे भाई विवेक की शादी शामली के हाथी करौदा से होगी। शादी की तैयारी मेरठ के सुशांत सिटी में ही नहीं बल्कि, उनके पैतृक गांव में भी चल रही हैं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, रैना व प्रियंका की शादी लखनऊ में होगी। अगले दिन दिल्ली के पांच सितारा होटल में रिसेप्शन होगा। रोका रस्म में प्रियंका ने लाल जोड़ा पहना हुआ है। इसके अलावा शादी का कार्ड भी उपलब्ध कराया गया है। हालांकि उसमें शादी की तिथि नहीं हैं। वेन्यू भी लखनऊ व दिल्ली दिया गया है। परिवार के जयप्रकाश बताते हैं, शादी के बाद प्रियंका व रैना गांव में आ सकते हैं। प्रियंका के पिता तेजपाल की बंद पड़ी हवेली की सफाई कराकर उसमें दीया जलाया जाएगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो