scriptहनमंथप्पा की हालत बिगड़ी, देशभर में प्रार्थनाएं | Today is important for Hanumanthappa, special health bulletin will be released on 11 AM | Patrika News

हनमंथप्पा की हालत बिगड़ी, देशभर में प्रार्थनाएं

Published: Feb 11, 2016 12:01:00 am

Submitted by:

Rakesh Mishra

दिल्ली स्थित सेना के आरआर अस्पताल में भर्ती हनमंथप्पा के लिवर व किडनी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं

Lance Naik Hanumanthappa

Lance Naik Hanumanthappa

नई दिल्ली। सियाचिन में छह दिन के बाद बर्फ में जीवित दबे मिले सेना के लांस नायक हनमंथप्पा कोपड़ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उनके मस्तिष्क में आक्सीजन की कमी के लक्षण दिखाई दिए हैं। उनके स्वास्थ्य के लिए देशभर में प्रार्थनाएं की जा रही हैं। सेना के आर आर अस्पताल द्वारा इस हिमवीर के स्वास्थ्य के बारे में बुधवार शाम को जारी बुलेटिन में कहा गया है कि डाक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने चार बजे उनकी हालत की समीक्षा की। डाक्टरों के अनुसार उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और सीटी स्कैन से पता चला है कि उनके मस्तिष्क में आक्सीजन की कमी के लक्षण दिखाई दिए हैं।

उनके उपचार में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों की भी सलाह ली जा रही है। डाक्टरों के अनुसार, उनके दोनों फेफड़ों में निमोनिया का पता चला है। इसके अलावा अभी भी उनके शरीर के कई अंग काम नहीं कर रहे हैं। हरसंभव उपचार तथा देखभाल के बावजूद उनकी हालत सुधरी नहीं है और इसमें कुछ गिरावट आई है। वह अभी भी कोमा में हैं और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।

यह हिमवीर गत तीन फरवरी को हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद से मौत और जिंदगी के बीच झूल रहा है। बचाव अभियान के दल को यह जांबाज सोमवार को बर्फ में दबा मिला था। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मंगलवार को आर आर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उन्हें विश्वस्तरीय उपचार दिया जा रहा है और उनके लिए अगले 24 घंटे काफी महत्वपूर्ण हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मंगलवार को अस्पताल जाकर लांस नायक के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

उनकी पत्नी और परिवार के अन्य लोग यहां पहुंच गए हैं। हनमंथप्पा के स्वास्थ्य और उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना के साथ देशभर में प्रार्थनाएं और दुआएं की जा रही हैं। मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में सामूहिक पूजा की गई। मुंबई के मशहूर डब्बावालों ने भी वीर जवान के लिए सामूहिक प्रार्थना की। कर्नाटक में हनमंथप्पा के गृहजिले धारवाड़ में छात्रों ने उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए विशेष पूजा की। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में उनकी दीर्घायु के लिए यज्ञ किया गया।

गोरखपुर में भी सामूहिक पूजा का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश के भोपाल में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके ठीक होने की कामना के साथ प्रार्थना की। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल से सेवानिवृत्त हुए कांस्टेबल प्रेम स्वरूप ने लांस नायक को अपनी किडनी दान करने की पेशकश की है और महाराष्ट्र के ठाणे जिले के निवासी राजू ने हनमंथप्पा के जीवन की रक्षा के लिए जरूरत पडऩे पर लीवर और किडनी समेत अपना कोई भी अंग दान करने की इच्छा जताई है।

उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी की महिला निधि ने भी इसी तरह की पेशकश की है। ओडिशा में रेत से कलाकृति बनाने वाले अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार सुदर्शन पटनायक ने हिमवीर के जल्द ठीक होने की दुआओं के साथ रेत से कलाकृति बनाई है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हनुमंथप्पा की मां को पत्र लिखकर उनके पुत्र की सराहना की है और उनके दीर्घायु तथा जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो