इन मुहिम के तहत एक चूहा पकडऩे पर 20 हजार इंडोनेशियाई रुपिया यानी 100 रुपए से ज्यादा की रकम दी जाएगी
जकार्ता। चूहों की बढ़ती संख्या से निजात दिलाने के लिए इंडोनेशियाई राजधानी जकार्ता में एक अनोखी मुहिम छेड़ी गई है। इन मुहिम के तहत एक चूहा पकडऩे पर 20 हजार इंडोनेशियाई रुपिया यानी 100 रुपए से ज्यादा की रकम दी जाएगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि चूहों के उन्मूलन से जुड़े इस अभियान से 1 करोड़ की आबादी वाले इस शहर को साफ सुथरा बनाने में मदद मिलेगी।
यहां कूड़े.करकट के ढ़ेरों और झुग्गियों के आसपास चूहे दिखना आम बात है। जकार्ता के डिप्टी गवर्नर जेरॉट सैफुल हिदायत के हवाले से एक सरकारी न्यूज वेबसाइट ने कहा कि यहां काफी चूहे हैं। उनमें से कुछ काफी बड़े हैं। डिप्टी गवर्नर ने ही हाल में इस योजना का ऐलान किया था। उन्होंने बताया कि एक बड़े चूहे से सामना होने के बाद उन्हें यह अभियान चलाने का ख्याल आया। उनका कहना है कि कुछ चूहे इतने बड़े हैं कि बिल्लियां भी उन्हें शिकार बनाने से कतराती हैं।
हिदायत ने यह नहीं बताया कि नागरिकों को ये चूहे कैसे पकडऩे हैं। चूहों को अधिकारियों को सौंपे जाते वक्त वे जिंदा हों या मुर्दा। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि लोग इन चूहों को मारने में बंदूकों का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि अगर आपका निशाना चूका तो गोलियां किसी और को लग सकती हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, लोगों को ये चूहे पकड़कर स्थानीय अधिकारियों को सौंपने होंगे। वे लोगों को पैसे चुकाने के बाद इन चूहों को जकार्ता की साफ.सफाई से जुड़ी एजेंसी को दफनाने के लिए सौंप देंगे ताकि बीमारियां न फैलें।