scriptभारतीय ओलम्पिक दल का प्रत्येक खिलाड़ी सुपरस्टार: सलमान | Each player of the Indian Olympic team superstar Salman | Patrika News

भारतीय ओलम्पिक दल का प्रत्येक खिलाड़ी सुपरस्टार: सलमान

Published: May 05, 2016 03:05:00 pm

एथलीटों पर प्रकाश डालने के लक्ष्य से सलमान ने ट्वीट के जरिए एक अभियान की शुरुआत की है, जिसमें वह खिलाडिय़ों का परिचय देंगे

Salman khan

Salman khan

मुंबई। इस वर्ष रियो ओलम्पिक के लिए भारत के गुडविल एंबेसडर चुने गए बॉलीवुड एक्टर सलमान खान का कहना है कि भारतीय ओलम्पिक दल का प्रत्येक खिलाड़ी एक सुपरस्टार है और वे सभी प्यार, समर्थन और प्रशंसा के हकदार हैं। एथलीटों पर प्रकाश डालने के लक्ष्य से सलमान ने ट्वीट के जरिए एक अभियान की शुरुआत की है, जिसमें वह खिलाडिय़ों का परिचय देंगे।

सलमान ने अपने एक बयान में कहा, मेरे लिए भारतीय ओलम्पिक दल का प्रत्येक खिलाड़ी सुपरस्टार है। वे चार साल तक तैयारी करते हैं और विश्व स्तर पर उनके पास प्रदर्शन के लिए कुछ ही मिनट या सेकंड होते हैं। उन्होंने कहा कि आइए उन सभी एथलीटों को अपना प्यार, समर्थन और प्रशंसा देते हैं। वे इसके हकदार हैं।

बॉलीवुड अभिनेता ने अपने अभियान के क्रम में सबसे पहले भारतीय महिला जिमनास्ट दीपा करमाकर का 30 अप्रैल को परिचय करवाया था। इसके बाद दो मई को अभिनव बिंद्रा का परिचय दिया था। गुरुवार को उन्होंने एथलीट ओ.पी. जैशा का परिचय कराया। इंडियाज ओलम्पिक स्टार्स के नाम से शुरू किए गए इस अभियान के लिए ट्विटर पर एक हैशटैग ‘मेकइंडियाप्राउड’ बनाया गया है। इसके साथ ही सलमान एक ब्लॉग के निर्माण की योजना भी बना रहे हैं, जिसमें भारतीय क्वालीफायरों और उनकी उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी जाएगी।

सलमान को ओलम्पिक के लिए भारत का सद्भावना दूत नियुक्त किए जाने के फैसले के बाद कई सवाल खड़े हुए थे। मिल्खा सिंह सहित कई लोगों ने इस फैसले की आलोचना भी की थी, जबकि किरण खेर और फिल्मकार सूरज बडज़ात्या ने उनका समर्थन किया था। इस वर्ष रियो ओलम्पिक में भारत की ओर से 80 खिलाड़ी तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, हॉकी, जिमनास्टिक्स, रोविंग, निशानेबाजी, टेबल टेनिस, टेनिस और कुश्ती जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो