scriptHL: रमनदीप के आखिरी मिनट के गोल से भारत ने फ्रांस को हराया | Hockey league: India beats France by 3-2 | Patrika News

HL: रमनदीप के आखिरी मिनट के गोल से भारत ने फ्रांस को हराया

Published: Jun 21, 2015 08:32:00 am

पुरूष टीम ने महिला टीम के बेल्जियम के साथ हुए मैच में एक गोल से हारने की निराशा को कुछ हद तक दूर कर दिया

hockey india

hockey india

एंटवर्प। भारत ने एफआईएच वर्ल्ड हॉकी लीग के बेहद रोमांचक मुकाबले में फ्रांस को 3-2 से हराकर पूल ए में पूरे अंक हासिल कर लिए। तेज गति से खेले गए इस मुकाबले में फ्रांस ने तीसरे ही मिनट में बढ़त बनाई लेकिन भारत ने वापसी करते हुए आधे समय तक 2-1 की बढ़त बना ली। फ्रांस ने 43 वें मिनट में बराबरी हासिल की। भारत की ओर से रमनदीप सिंह ने 59वें मिनट में विजयी गोल दाग दिया। पुरूष टीम ने इससे पहले महिला टीम के बेल्जियम के साथ हुए मैच में एक गोल से हारने की निराशा को कुछ हद तक दूर कर दिया।

मैच समाप्त होने में डेढ़ मिनट का समय बाकी था और ऎसा लग रहा था कि रियो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर चुकी भारतीय टीम को फ्रांस 2-2 की बराबरी पर रोक देगा लेकिन तभी रमनदीप सिंह ने मैच विजयी गोल दाग दिया। भारतीय टीम इस मुकाबले से पहले चार अभ्यास मैचों में तीन जीतकर बुलंद हौसले के साथ उतरी थी। फ्रांस ने तीसरे ही मिनट में गोलकर भारतीयों को चौंका दिया। ऑलीविय सांचेज ने तीसरे ही मिनट के गोल से फ्रांस को बढ़त दिला दी। दूसरे क्वार्टर में भारत ने वापसी करने की कोशिश की और उसे 27वें मिनट में कामयाबी हासिल हुई। मनप्रीत ने भारत के लिए बराबरी का गोल दाग दिया। मनप्रीत ने अपनी करिअॅर में पहली बार ड्रैग फ्लिक से गोल किया। इसके दो मिनट बाद ही देवेंद्र वाल्मिकी ने भारत को 2-1 से बढ़त दिला दी

आधे समय तक भारतीय टीम 2-1 से आगे हो चुकी थी। भारत ने दूसरे क्वार्टर में जिस तरह फ्रांस के डिफेंस पर दबाव बनाया उसका फायदा उसे तीन मिनट के अंतराल में दो गोलों से मिल गया। तीसरा क्वार्टर शुरू होने पर फ्रांस ने वापसी के लिए भरपूर कोशिश की। इस दौरान भारतीय गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने कुछ शानदार बचाव किए और इसी दौरान फ्रांस का रेफरल भी बेकार गया। तीसरा क्वार्टर समाप्त होने से दो मिनट पहले फ्रांस ने बराबरी हासिल कर भारत को चौंका दिया। साइमन मार्टिन ने यह गोल किया। चौथे और आखिरी क्वार्टर में मुकाबला तेज हो चुका था। रमनदीप ने अपने अकेले प्रयास से डी में घुसकर पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन उसका फायदा नहीं मिला। जसजीत का शॉट निशाने से दूर रहा। मैच अब अंतिम क्षणों में प्रवेश कर चुका था कि तभी रमनदीप की स्टिक से भारत के लिए मैच विजयी गोल निकल आया। 
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो