scriptरिकॉर्ड 209 विश्व कीर्तिमानों के साथ संपन्न हुआ रियो पैरालम्पिक | Rio Paralympics 2016 draws to a close with 209 world records | Patrika News

रिकॉर्ड 209 विश्व कीर्तिमानों के साथ संपन्न हुआ रियो पैरालम्पिक

Published: Sep 19, 2016 07:20:00 pm

रियो डी जनेरियो की मेजबानी में रविवार को संपन्न हुए 15वें पैरालम्पिक
खेलों में चीन लगातार चौथी बार शीर्ष स्थान हासिल करने में कामयाब रहा

Rio 2016

Rio 2016

नई दिल्ली। ब्राजीलियाई महानगर रियो डी जनेरियो की मेजबानी में रविवार को संपन्न हुए 15वें पैरालम्पिक खेलों में चीन लगातार चौथी बार शीर्ष स्थान हासिल करने में कामयाब रहा। रियो पैरालम्पिक इस मायने में भी खास रहा, क्योंकि इस दौरान सर्वाधिक 209 नए विश्व कीर्तिमान रचे गए। इन 209 विश्व कीर्तिमानों में भारतीय भाला फेंक एथलीट देवेंद्र झाझरिया का भी एक रिकॉर्ड शामिल है। एथेंस ओलम्पिक-2014 में विश्व कीर्तिमान रच स्वर्ण जीतने वाले झाझरिया ने 12 साल बाद पैरालम्पिक खेलों में वापसी करते हुए अपने पुराने विश्व कीर्तिमान को तोड़ा और भारत को स्वर्ण पदक दिलाया।

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी वर्ष विकलांग व्यक्तियों के लिए एक विशेष शब्द ‘दिव्यांग’ के इस्तेमाल की पहल की और 11 दिनों तक चले खेलों के इस महाकुंभ में मात्र 19 खिलाडय़िों के साथ उतरी भारतीय टीम ने जैसे उनके शब्दों को जिया। भारतीय टीम ने पैरालम्पिक खेलों के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत ने दो स्वर्ण पदक सहित कुल चार पदक अपने नाम किए और पदक तालिका में 47वां स्थान हासिल किया।

एथेंस, बीजिंग और लंदन में हुए ग्रीष्मकालीन पैरालम्पिक खेलों में शीर्ष पर रहे चीन ने रियो में भी अपना दबदबा कायम रखा। चीनी टीम ने 107 स्वर्ण पदक जीते और किसी एक पैरालम्पिक खेलों में स्वर्ण पदकों का शतक लगाने वाला दुनिया की तीसरा देश बना। चीन ने 107 स्वर्ण, 81 रजत पदक और 51 कांस्य पदकों के साथ पैरालम्पिक खेलों में सर्वाधिक 239 पदक हासिल करने में सफल रहा। चीन से पहले अमेरिका और ब्रिटेन की संयुक्त मेजबानी में हुए पैरालम्पिक खेलों में अमेरिका (137) और ब्रिटेन (107) 100 या उससे अधिक स्वर्ण पदक जीतने वाले देश थे।

रियो में 159 देशों के 4,300 के करीब पैरा-एथलीट जुटे और 11 दिनों में 1,500 के करीब पदक जीतकर अपने-अपने देश को गौरवान्वित किया। ओलम्पिक खेलों के बाद पैरालम्पिक खेलों को फीकी प्रतिक्रिया मिलने और दर्शकों के न जुटने की शंका जताई जा रही थी, लेकिन पैरालम्पिक खेलों के दौरान 10 सितंबर को बारा ओलम्पिक पार्क में 1,72,000 दर्शक जुटे जो ओलम्पिक के दौरान जुटे सर्वाधिक दर्शकों से भी अधिक रहा। चीन ने सर्वाधिक 37 स्वर्ण पदक तैराकी में जीते जबकि तैराक हुआंग वेनपान रियो पैरालम्पिक में चीन के सबसे सफल एथलीट रहे। वेनपान ने रियो में पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो