scriptपद्मश्री से सम्मानित हुए सरदार सिंह, सबा अंजुम | Saba Anjum, Sardar Singh awarded Padamshri awards | Patrika News

पद्मश्री से सम्मानित हुए सरदार सिंह, सबा अंजुम

Published: Mar 31, 2015 10:36:00 am

सबा को
छत्तीसगढ़ के सर्वोच्च सम्मान गुंडाधुर खेल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका
है

नई दिल्ली। भारतीय पुरूष हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह और महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान सबा अंजुम को सोमवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया।

सरदार सिंह ने 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच से अंतरराष्ट्रीय हॉकी में कदम रखा और अब तक 200 से भी ज्यादा मैच खेल चुके हैं। पिछले साल सरदार के नेतृत्व में भारतीय टीम 16 साल बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल करने में कामयाब रही और लगातार दूसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक हासिल किया।

सरदार सिंह ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद खुशी जताते हुए कहा, यह मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं इसके लिए हॉकी इंडिया (एचआई) को बधाई देता हूं जिसने हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया। साथ ही मैं अपने कोच को भी धन्यवाद देता हूं। इस सम्मान को पाने के बाद मेरी कोशिश और अच्छा हॉकी खेलने और भारतीय हॉकी को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाने की होगी।

दूसरी ओर, महिला हॉकी में बेहद प्रतिष्ठित नाम सबा ने एशियाई खेल-2002, एशिया कप-2004, राष्ट्रमंडल खेल-2002 और 2006 तथा जूनियर विश्व कप-2001 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। सबा को छत्तीसगढ़ के सर्वोच्च सम्मान गुंडाधुर खेल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। सबा 2006 में दोहा में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य रही थीं। एचआई के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा ने दोनों खिलाडियों को इस सम्मान के लिए बधाई दी और कहा कि यह सभी हॉकी प्रेमियों के लिए गर्व करने का समय है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो