scriptPM मोदी के विदेश दौरों पर AI ने खर्च किए 117 करोड़ रुपए | Air India spent Rs 117 crore on PM Modi's foreign trips | Patrika News
राजनीति

PM मोदी के विदेश दौरों पर AI ने खर्च किए 117 करोड़ रुपए

पीएम मोदी ने रात में यात्रा कर समय बचाया और 6 दिन की यात्रा की 97 घंटों में पूरी

May 06, 2016 / 10:25 am

अमनप्रीत कौर

modi

modi

नई दिल्ली। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों पर एयर इंडिया ने वर्ष 2015-16 में कुल 117 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। यह खर्च वर्ष 2014-15 में किए गए खर्च से 25 फीसदी ज्यादा रहा। वर्ष 2013-14 में मनमोहन सिंह के विदेश दौरों पर एयर इंडिया ने 108 करोड़ रुपए खर्च किए थे। वहीं पीएम मोदी की अप्रेल 2015 में फ्रांस, कनाडा और जर्मनी की ट्रिप सबसे महंगी रही। इस पर 31 करोड़ रुपए खर्च किए गए। यह खुलासा आरटीआई के तहत हुआ।

पीएम ने की 22 देशों की यात्रा

प्रधानमंत्री करने के बाद से ही नरेंद्र मोदी आए दिन विदेशों के दौरे कर रहे हैं। वर्ष 2015-16 में दिसंबर तक मोदी ने रूस, फ्रांस, जर्मनी, साउथ कोरिया, मंगोलिया, चीन, यूएई, आयरलैंड, यूके, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और तुर्की समेत 22 देशों का दौरा किया। पीएम मोदी पर किए गए इस सारे खर्च की जानकारी हासिल करने के लिए रिटायर्ड अफसर लोकेश बत्रा ने आरटीआई लगाई थी।

2014-15 में किए थे 12 देशों के दौरे

एयर इंडिया ने बताया कि वर्ष 2014-15 में पीएम मोदी पर 94 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। मोदी ने इस दौरान 12 देशों की विजिट की थी। इनमें भूटान, ऑस्ट्रेलिया, म्यांमार, फिजी, जापान, सेशेल्स, ब्राजील और मॉरिशस के दौरे प्रमुख थे।

ये रहे सबसे महंगे ट्रिप

– अप्रेल 2015 में फ्रांस, कनाडा और जर्मनी दौरे पर खर्च हुए 31 करोड़ रुपए
– 2014 -15 में ऑस्ट्रेलिया और म्यांमार की ट्रिप पर खर्च हुए 22 करोड़ रुपए
– 2014 में ब्राजील दौरे पर खर्च हुए 20 करोड़ रुपए
– चीन, मंगोलिया और कोरिया विजिट पर खर्च हुए 15 करोड़ रुपए
– सेंट्रल एशिया यानी उज्बेकिस्तान, कजाखिस्तान, रूस, तुर्कमेनिस्तान, किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान के दौरे पर भी 15 करोड़ का खर्च अया।

97 घंटों में पूरा किया 6 दिन का विदेशी दौरा

बीती 30 मार्च से 2 अप्रेल तक मोदी तीन देशों -बेल्जियम, यूएस और साउदी अरब के दौरे पर थे। 5 दिन के इस दौरे में समय बचाने के लिए उन्होंने दिल्ली से ब्रसेल्स , ब्रसेल्स से वॉशिंगटन और वॉशिंगटन से रियाद के बीच रात को ही एयरइंडिया वन में ट्रेवल किया। इस दौरान वे सिर्फ दो रात ही विदेशी होटलों में रुके, एक वॉशिंगटन और दूसरा रियाद में। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीएम के इस फैसले से ही वे यूएस समेत इन देशों का दौरा 97 घंटे में पूरा कर सके। अगर वे प्लेन में सो कर ट्रैवलिंग का फैसला न करते तो इस दौरे में कम से कम 6 दिन का वक्त लगता।

प्लेन में भी पूरा समय नहीं सोते

एयर इंडिया वन पर भी मोदी पूरे समय आराम नहीं करते। मोदी एक दौरा पूरा होने के बाद प्लेन पर चढ़ते ही ब्रीफिंग करते हैं। इसके बाद दूसरे शहर में उतरने से 30 मिनट पहले अगली मीटिंग की ब्रीफिंग लेते हैं।

Home / Political / PM मोदी के विदेश दौरों पर AI ने खर्च किए 117 करोड़ रुपए

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो