scriptबिहार में भाजपा की बनेगी सरकार : अमित शाह | Amit Shah : BJP will form government in Bihar | Patrika News

बिहार में भाजपा की बनेगी सरकार : अमित शाह

Published: Apr 14, 2015 07:42:00 pm

अमित शाह ने कहा कि भाजपा को मिल रहे अपार समर्थन से विरोधियों में
घबराहट की स्थिति उत्पन्न हो गई है

Amit Shah

Amit Shah

पटना। एतिहासिक गांधी मैदान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम “समागम” को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि “महागठबंधन” हो या “महाविलय”, बिहार में दो तिहायी बहुमत से अगली सरकार हम ही बनाएंगे। शाह ने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव के समय भी इसी गांधी मैदान से उठी आवाज देश में सुनी गई और उसी का नतीजा है कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी की अगुवायी में पूर्ण बहुमत की सरकार है। अब बिहार में भी दो तिहायी बहुमत से भाजपा की सरकार बनने वाली है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को मिल रहे अपार समर्थन से विरोधियों में घबराहट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बिहार में इस वर्ष होने वाले विधान सभा के चुनाव को देखते हुए महागठबंधन और महाविलय का प्रयास किया जा रहा हैं, लेकिन इससे भाजपा के सेहत पर कोई असर पड़ने वाला नही है। केन्द्र सरकार गरीबों, किसानो और नौजवानों के लिए लगातार काम कर रही है।

13 करोड़ लोगों के खुले खाते
उन्होंने कहा कि “मेक इन इंडिया” और कौशल विकास के माध्यम से गरीबी उन्मूलन का संकल्प लिया गया है और अब देश विकास के मार्ग पर आगे चल पड़ा है। शाह ने कांग्रेस और उसकी सहयोगी दलों का नाम लिए बगैर कहा कि जिन्होंने 60 वर्ष तक शासन किया उनके कार्यकाल में देश के 60 प्रतिशत लोगों के पास भी बैंक में खाता नहीं था, लेकिन केन्द्र सरकार की “जनधन योजना” के तहत 13 करोड़ लोगों का खाता बैंको में खुल गया है।

उन्होंने कहा, इसी तरह वर्ष में मात्र 12 रूपए के प्रीमियम देने पर लोगों के लिए दो लाख रूपए का जीवन बीमा देने का काम शुरू किया गया है। गरीबों एवं किसानो की बेहतरी के लिए के न्द्र की सरकार लगातार प्रयास कर रही है और इस दिशा में कई कदम उठाए जा रहे हैं।

औद्योगिक घरानों को एक इंच जमीन भी नहीं दी जाएगी
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भूमि अधिग्रहण अध्यादेश को लेकर विरोधी दल के नेता लोगों को गुमराह करने में लगे हुए हैं। भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के तहत अधिग्रहित की गई जमीन में से एक इंच भी जमीन औद्योगिक घरानों को नहीं दी जाएगी। अधिग्रहित जमीन गांव के विकास और खेतो में पानी पहुंचाने के लिए है। लोगों को गुमराह करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार भूमि अधिग्रहण अध्यादेश को लेकर अनशन पर बैठ गए थे।

जमीन नहीं होने के कारण लंबित हैं रेल, सड़क योजनाएं
शाह ने कहा कि बिहार के लोग कुमार से यह जानना चाहते हैं कि राज्य की बारह चीनी मिलों की जमीन किसके पास है। इन चीनी मिलों की जमीन को कुमार ने अपने दोस्तों और क रिबीयों को दे दिया है। जमीन नहीं उपलब्ध कराए जाने के कारण बिहार की रेल और सड़क योजनाएं लम्बित पड़ी हुई हैं। बिहार के लोगों ने भाजपा-जदयू को जनादेश दिया था, लेकिन कुमार ने गठबंधन तोड़कर लोगों के विश्वास को तोड़ने का काम किया है और अब फिर से प्रदेश में जंगल राज कायम करने में लगे हैं।


मोदी सरकार ही कर सकती है बिहार का विकास
भाजपा अध्यक्ष ने चुटकी लेते हुए कहा कि किसी को यह मालूम नहीं है कि गठबंधन करने के बाद नेता पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी होंगी या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। जंगल राज से प्रदेश को मुक्ति दिलाने का काम पहले भाजपा के कार्यकर्ताओं ने किया था और इस बार भी भाजपा के कार्यकर्ता ही करेंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ही बिहार का विकास कर सकती है और इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं को इस बार के विधानसभा के चुनाव में भाजपा को दो तिहायी बहुमत से विजय दिलाना होगा। बिहार भाजपा के अब 90 लाख सदस्य हो गए हैं।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि घर-घर जाकर केन्द्र सरकार की उपलब्धियों और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों से लोगों को अवगत कराएं। केन्द्रीय गृह मंत्री और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि इसी एतिहासिक गांधी मैदान में एक वर्ष पूर्व भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी रैली में आए थे और इसी दौरान सिलसिलेवार बमो का धमाका होता रहा, लेकिन उन्हें शांतिपूर्वक सुनते रहे। इस धमाके में कई लोग घायल हुए और कई को अपनी जाने गंवानी पड़ी थी।

…केंद्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की शहादत को भुला नही जा सकता । श्री सिंह ने कहा कि यह गांधी मैदान कई घटनाओं का साक्षी रहा है जिसमें लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने सम्पूर्ण क्रांति का नारा दिया था और इसके बाद ही देश की राजनीति में एतिहासिक परिर्वतन हुआ। उन्होंने कहा कि एक अन्य महत्वपूर्ण घटना में इसी गांधी मैदान से वर्ष 2013 के अक्टूबर माह में भाजपा की रैली में लोगों ने ऎसा शंखनाद किया कि केन्द्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी।

पाक को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सुरक्षा बल मुस्तैद
उन्होंने कहा कि केन्द्र में अब ऎसी सरकार बनी है जिसकी साख और धमक विदेशो में भी सुनी जा रही है। आर्थिक महाशक्ति के रूप मे देश अब खड़ा होने जा रहा है। पड़ोसी देश हमेशा से ही नापाक हथकंड़े अपनाता रहा है। सीमा पर रहने वाले निर्दोष लोगों की हत्या करना पड़ोसी देश की पुरानी आदत थी। केन्द्र की तत्कालीन सरकार की ओर से बल के जवानों को यह स्पष्ट आदेश था कि सीमा पार से गोलीबारी के बाद सोलह बार सफेद झंडा दिखाएं, लेकिन अब यह चलने वाला नहीं है। पाकिस्तान की ओर से गोली चलती है तो इसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए बल पूरी तरह से मुस्तैद है। इसका उदाहरण संयुक्त राष्ट्र संघ के समक्ष पाकिस्तान का त्राहिमाम है।

नकल से बिहार की हो रही बदनामी
उन्होंने कहा कि भारत अब मजबूत देश बन गया है। बिहार देश का सिरमौर है और जब भी परिर्वतन हुआ है वह बिहार से ही शुरू हुआ है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने नील की खेती के खिलाफ बिहार के चम्पारण से ही अपना अभियान शुरू किया था। लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने भी इसी बिहार से बिगुल फूका था तभी देश में परिर्वतन हुआ। आज शिक्षा के क्षेत्र में बिहार की क्या स्थिति है यह किसी से छुपा हुआ नहीं है। पहले बिहार में नालंदा विश्वविद्यालय था, जहां दुनिया भर से लोग शिक्षा के लिए आते थे। अब स्कूल की खिड़की पर लटकर नकल करवाई जा रहा है और इससे बिहार की बदनामी हो रही है। बिहार के नौजवानो के साथ यह घिनौना मजाक किया जा रहा है।

बिहार, बंगाल को मिलेंगे अतिरिक्त 20 हजार करोड़
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछले दस माह के दौरान कई अहम फैसले लिए हंै जिससे देश के सभी राज्यों की शक्ति बढेगी। पहले पूरे केन्दीय राजस्व का 32 प्रतिशत हिस्सा राज्यों को मिला करता था, लेकिन अब 14 वें वित्त आयोग की अनुशंसा के आधार पर इसे बढ़ाकर 42 प्रतिशत कर दिया गया है। इतनी राशि के वृद्धि होने से, विशेष पैकेज से मिल सकने वाले धन से भी अधिक राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल के लिए विशेष सहायता के तौर पर अतिरिक्त 20 हजार करोड़ रूपए उपलब्ध कराए जाएंगे।

समागम को संगठन महामंत्री रामलाल, केन्द्रीय मंत्री संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद, कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, पेट्रोलियम राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र प्रधान, कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजीव प्रताप रूडी, पेयजल एवं स्वच्छता राज्य मंत्री राम कृपाल यादव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उपक्रम राज्य मंत्री गिरिराज सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेणु देवी, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता नंद किशोर यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय समेत कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

जंगलराज कहने वालों की मानसिकता जंगली : कांग्रेस
बिहार प्रदेश कांग्रेस ने राज्य में बार-बार जंगलराज होने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बयान पर मंगलवार को पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में बार-बार जंगलराज कहने वाले लोगों की मानसिकता ही जंगली है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रामचन्द्र भारती और प्रदेश महासचिव डॉ. विनोद शर्मा ने कहा कि एक साजिश् के तहत भाजपा के नेता बिहार की छवि पूरे देश में धूमिल करना चाहते हैं। आज पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा बिहार में जंगलराज बताना राज्य कि करोड़ों जनता का अपमान है।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि देश में यदि कहीं जंगलराज है तो वह राज्य गुजरात है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा के नेता बिहार को जंगलराज बताकर राज्य की जनता का अपमान नहीं करें, नहीं तो दिल्ली कि तरह बिहार से भी उनका सुपड़ा साफ हो जाएगा। भाजपा को बिहार के विकास की बात और विशेष राज्य के दर्जा का मुद्दा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने उठाना चाहिए न की बिहार को बदनाम करने का।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो