scriptPM मोदी की नीतियों से घबराया हुआ है किसानः राहुल गांधी | Farmers and Labourers are afraid of PM Modi's policies: Rahul gandhi | Patrika News

PM मोदी की नीतियों से घबराया हुआ है किसानः राहुल गांधी

Published: Apr 19, 2015 02:55:00 pm

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश की नींव रखने वाले किसान को कमजोर करने का आरोप लगाया

rahul gandhi

rahul gandhi

नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश की नींव रखने वाले किसान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए रविवार को किसान रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह उद्योगपतियों का उपकार उतारने के लिए किसानों की जमीन छीनकर उन्हें दे रहे हैं। करीब दो महीने की लंबी छुट्टी के बाद सक्रिय राजनीति में लौटे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां रामलीला मैदान में कांग्रेस की किसान- खेत मजदूर रैली को संबोधित किया।

मेक इन इंडिया जरूरी
उन्होंने कहा कि, यह सही है कि देश की प्रगति के लिए मेक इन इंडिया और उद्योगों का विस्तार जरूरी है, लेकिन किसान भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसान ने हरित क्रांति के जरिए देश के विकास और प्रगति की नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से किसान और मजदूर घबराया हुआ है। उसे लग रहा है कि यह सरकार अमीरों और उद्योगपतियों की है और उनके लिए इस सरकार में कोई जगह नहीं है।

नहीं पता कब छिन जाएगी जमीन

राहुल ने कहा कि, किसान को यह नहीं पता कि उसकी जमीन कब छीन ली जायेगी। उन्होंने कहा कि मोदी जी की एक ही नीति है कि किसान को कमजोर करो और उसके लिए ऎसी स्थिति बना दो कि उसका जीवन कठिन हो जाये और फिर उसकी जमीन छीन कर अपने उद्योपति मित्रों को दे दो।

मोदी के विदेश में दिये बयान की आलोचना की

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हाल की विदेश यात्रा के दौरान पिछली सरकारों के संबंध में दिये गये बयानों की आलोचना करते हुए कहा कि यह देश के प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता। राहुल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी ने हाल ही में अपनी विदेश यात्रा के दौरान कहा था कि वह देश में पिछले 50 वर्षों का कचरा साफ कर रहे हैं। विदेश में जाकर पिछली सरकारों के बारे में प्रधानमंत्री के ऎसा कहने से उन्हें दुख हुआ है। इस तरह का बयान मोदी और प्रधानमंत्री के पद को शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि मोदी को लोगों की ताकत समझ में नहीं आती। उन्हें किसानों और दूसरे लोगों की मेहनत और खून पसीने का अंदाजा नहीं है जिससे यह देश खडा हुआ है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो