scriptचार नये राज्यपालों की नियुक्ति, नजमा बनीं मणिपुर की गवर्नर | Four new governor appointed, Najma Heptullah goes to Manipur | Patrika News

चार नये राज्यपालों की नियुक्ति, नजमा बनीं मणिपुर की गवर्नर

Published: Aug 17, 2016 04:15:00 pm

राष्ट्रपति भवन की एक विज्ञप्ति के अनुसार नजमा हेपतुल्ला को मणिपुर, बनवारीलाल पुरोहित को असम का तथा वीपी सिंह बदनौर को पंजाब का राज्यपाल बनाया गया है।

Najma Heptullah

Najma Heptullah

नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्रिमंडल से हाल ही में इस्तीफा देने वाली नजमा हेपतुल्ला को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की एक विज्ञप्ति के अनुसार हेपतुल्ला के अलावा पूर्व सांसद बनवारीलाल पुरोहित को असम का तथा पूर्व सांसद वीपी सिंह बदनौर को पंजाब का राज्यपाल बनाया गया है।

राजस्थान के भाजपा नेता वीपी सिंह को कप्तान सिंह सोलंकी की जगह पंजाब का गवर्नर नियुक्त किया गया है। सितंबर 2015 से मणिपुर का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे मेघालय के राज्यपाल वी षणमुगनाथन के जगह पर नजमा हेपतुल्ला को राज्यपाल बनाया गया है। नजमा हेपतुल्ला ने जुलाई 2016 में केन्द्रीय मंत्रिमंडल के पद से इस्तीफा दे दिया था। वह मोदी सरकार में अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री थी।

पूर्व सांसद एवं दिल्ली सरकार में मंत्री रहे जगदीश मुखी को अंडमान निकोबार द्वीप समूह का अगला उप राज्यपाल नियुक्त किया गया है। मुखी लेफ्टीनेंट जनरल एके सिंह (सेवा निवृत) का स्थान लेंगे। नागपुर से तीन बार सांसद रह चुके बनवारी लाल पुरोहित को असम का नया राज्यपाल बनाया गया है। इन सभी की नियुक्ति इनके पद ग्रहण करने के दिन से प्रभावी मानी जायेगी। आपको बता दें कि पंजाब और मणिपुर में अगले साल ही चुनाव होने हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो