script2017 में गुजरात से भाजपा को उखाड़ फेंकें : केजरीवाल | In 2017, will dethrone BJP from power in Gujarat : Kejriwal | Patrika News

2017 में गुजरात से भाजपा को उखाड़ फेंकें : केजरीवाल

Published: Oct 16, 2016 11:49:00 pm

केजरीवाल ने आयोजित एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी
पार्टी कांग्रेस और राज्य में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों
से मुकाबला करेगी

Arvind Kejriwal

Arvind Kejriwal

सूरत। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यहां रविवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) अगले वर्ष गुजरात में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि 2017 के विधानसभा चुनाव में राज्य से भाजपा की सत्ता को उखाड़ फेंकें। योगी चौक पर आयोजित विशाल रैली में केजरीवाल ने कहा, अमित शाह ने गुजरात के लोगों के सामने एक खुली चुनौती पेश की है कि वह मनमाने तरीके से राज्य को चलाएंगे और कोई भी इस बारे में कुछ भी नहीं कर सकता।

केजरीवाल ने आयोजित एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस और राज्य में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों से मुकाबला करेगी। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि गुजरात को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह चला रहे हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे भाजपा को सत्ता से हटाएं।

आप नेता ने कहा कि सूरत की सभा में उमड़ी भीड़ ने उन्हें 2011 के अन्ना आंदोलन की याद ताजा कर दी है, जब पूरा देश सड़कों पर उतर आया था। केजरीवाल ने कहा कि अमित शाह ने आज गुजरात के लोगों के सामने एक चुनौती पेश की है।

उन्होंने कहा, क्या आप चुनाव लडऩे, जीतने और अमित शाह को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार हैं? गुजरात विधानसभा का अगला चुनाव एक क्रांति होगा। यह संग्र्राम अमित शाह बनाम गुजरात की जनता होगा। उधर, केजरीवाल की यहां आयोजित रैली से कुछ घंटे पहले ही आम आदमी पार्टी (आप) के गुजरात प्रभारी और विधायक गुलाब सिंह को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

दिल्ली पुलिस की टीम ने गुलाब सिंह को यहां गिरफ्तार किया। गुलाब सिंह सप्ताह भर से गुजरात में डेरा डाले हुए थे। उन्हें हिरासत में लेने के बाद एक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, और उनकी ट्रांजिट रिमांड की मांग की गई। गुलाब सिंह दिल्ली से आप के 14वें विधायक हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तारी की आशंका के चलते गुलाब सिंह स्वयं नया सूरत के पुलिस आयुक्त सतीश शर्मा के समक्ष जाकर पेश हुए, जबकि दिल्ली पुलिस एक गैर जमानती वारंट के साथ सिंह को गिरफ्तार करने सूरत पहुंची थी। सिंह के खिलाफ यह वारंट दो दिन पहले ही जारी हुआ था, क्योंकि अवैध वसूली से संबंधित एक मामले में पूछताछ के लिए वह उपस्थित नहीं हो पाए थे। सिंह की गिरफ्तारी से पहले केजरीवाल ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर आरोप लगाया था कि वह सूरत में आप की रैली विफल करने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। केजरीवाल इस समय तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। रविवार उनके दौरे का अंतिम दिन था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो