scriptजयललिता के निधन से देशभर में शोक, नेताओं ने इस तरह दी श्रद्धांजलि | Jayalalitha death lefts indian in condolence, Leaders pay tribute | Patrika News

जयललिता के निधन से देशभर में शोक, नेताओं ने इस तरह दी श्रद्धांजलि

Published: Dec 06, 2016 11:53:00 am

Submitted by:

Rakesh Mishra

जयललिता के निधन को नीतीश कुमार ने दुखद बताते हुए कहा कि तमिलनाडु की मुख्यमंत्री का निधन दुखद है

Jayalalitha dies whole tamilnadu is mourning

Jayalalitha dies whole tamilnadu is mourning

नई दिल्ली। ‘अम्मा’ के नाम से मशहूर तमिलनाडु की मुख्यमंत्री और अन्ना द्रमुक प्रमुख जे. जयललिता के निधन से देशभर में शोक छा गया है। केन्द्र सरकार ने एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है और देश के सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया है। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने जयललिता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और इसे देश की राजनीति के लिये अपूर्णीय क्षति बताया है। 

मुखर्जी ने तमिलनाडु के राज्यपाल सीएच विद्यासागर राव को भेजे एक शोक संदेश में कहा कि जयललिता के निधन का समाचार से उन्हें गहरा दुख हुआ है। वह एक बेहतरीन फिल्म अदाकारा और दूरदृष्टि वाली नेता और प्रशासक थीं। वह एक करिश्माई नेता थीं और विभिन्न पदों पर रहते हुये उन्होंने गरीबों के उत्थान के लिये काम किया और अम्मा के नाम से लोकप्रिय हुयीं। वह प्रगतिशील विचारों की थीं और महिला सशक्तिकरण और बच्चों के कल्याण जैसे विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहीं। 

उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने भी जयललिता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये कहा कि तमिलनाडु की मुख्यमंत्री के रूप में राज्य में गरीब वर्गों और समाज कल्याण के आर्थिक विकास की दिशा में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनका निधन देश के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि मैं बहुत से अवसरों में जयललिता से मिला हूं और उनके साथ बातचीत करने का अवसर मिला। मैं उनके निधन से गहरे दुख में हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। उसके निधन से भारतीय राजनीति में एक बड़ा शून्य आ गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शोक व्यक्त करते हुये कहा कि जयललिता ने अपनी शर्तों पर अपना जीवन मजबूती से जिया है और आखिरी समय तक उसी ताकत से जीवन से संघर्ष करती रहीं। वह जनआकांक्षाओं पर खरी उतरीं और गरीबों के जीवन में सुधार के लिये निरंतर नयी योजनाएं लाती रहीं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी जयललिता के निधन पर शोक जताया।

पूर्व उप प्रधानमंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने अपने शोक संदेश में कहा, जयललिता के निधन पर गहरा दुख हुआ। वह तमिलनाडु की राजनीति में बहुत मजबूत व्यक्तित्व वाली महिला थीं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। उन्होंने कहा कि सुश्री जयललिता गरीबों और पिछड़ों के बीच बहुत लोकप्रिय तथा शक्तिशाली नेता थीं। वह राजनीति में एक नयी शैली और अछ्वुत क्षमता के लिए जानी जाती थीं। वह तमिलनाडु के लिए रानी के समान थीं। 

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह तथा केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी जयललिता के निधन पर दुख व्यक्त करते हुये उन्हें महान नेता बताया। सिंह ने जयललिता को समाज के कमजोर वर्गों के लिये काम करने वाली एक मजबूत नेता बताया। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा, मैं जयललिता के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। मैं बेहद दुख की इस घड़ी में तमिलनाडु के लोगों के साथ हूं। यह वाकई भारतीय राजनीति की एक बड़ी क्षति है जिससे उबरने में काफी समय लगेगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जयललिता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुये कहा, अम्मा के निधन की खबर वाकई हतप्रभ कर देने वाली है। भारतीय राजनीति के लिये यह बड़ी रिक्तता है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अन्ना द्रमुक प्रमुख के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुये एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। कुमार ने आज यहां अपने शोक संदेश में कहा कि जयललिता एक प्रख्यात राजनेता एवं प्रसिद्ध समाजसेवी थीं। उनके निधन से न केवल तमिलनाडु बल्कि पूरे देश में राजनीतिक, सामाजिक, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र को अपूर्णीय क्षति हुई है। जयललिता के निधन पर बिहार में एक दिन का राजकीय शोक रहेगा। 

तमिल फिल्मों के सुपर स्टार और बेहद लोकप्रिय अभिनेता रजनीकांत ने जयललिता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये कहा कि सिर्फ राज्य ही नहीं बल्कि देश ने भी एक बहादुर बेटी खोयी है। अभिनेता रजनीकांत का आवास भी जयललिता के पोस गार्डन इलाके स्थित आवास के निकट ही है। उन्होंने उन्हें देश की बहादुर बेटी बताते हुये कहा,मै ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। बालीवुड सुपर स्टार अमिताभ बच्चन ने भी शोक व्यक्त करते हुये कहा कि वह जयललिता के निधन पर बेहद दुखी हैं। वह एक बेहतरीन अदाकारा होने के साथ-साथ लोकप्रिय नेता थीं। वह एक साहसी महिला भी थीं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। 

राजद प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी जयललिता के निधन पर शोक जताया। लालू ने ट्वीट कर कहा कि देश को उनके जैसे गरीबों के हक के लिए लडऩे वाली मजबूत नेता की कमी खलेगी। ‘अम्मा’ एक लोकप्रिय, निर्भीक और मजबूत नेता थीं। बिहार के कई अन्य पार्टी के नेताओं ने भी जयललिता के निधन पर शोक जताया है। 

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने मंगलवार को तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के निधन पर शोक प्रकट किया। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी की ओर से जारी एक संदेश में दिवंगत ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कडग़म (एआईएडीएमके) नेता को ऐसी ‘मशहूर, दूरदर्शी और योग्य प्रशासक’ बताया, जिन्होंने गरीबों, पिछड़ों और समाज के वंचित वर्ग के लिए काम किया। मायावती ने जयललिता के प्रशंसकों, समर्थकों और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

द्रविड़ मुनेत्र कडग़म (डीएमके) पार्टी के नेता एम.के.स्टालिन ने तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे.जयललिता के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें एक प्रतिष्ठित और साहसी नेता बताया। स्टालि ने ट्वीट कर कहा, ‘हमारी मुख्यमंत्री जयललिता के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। इस दुखी की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हैं।’ स्टालिन ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ”वह एक प्रतिष्ठित और साहसी नेता थीं। यह तमिलनाडु के लोगों के लिए एक अपूरणीय क्षति है।’ गौरतलब है कि जयललिता का सोमवार रात को अपोलो हॉस्पिटल्स में निधन हो गया था। उन्हें एक दिन पहले ही दिल का दौरा पड़ा था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो