scriptराज बब्बर ने कहा, हमें कांग्रेस के बुरे दिन ही लौटा दो | Just return us bad days of Congress- Raj Babbar | Patrika News

राज बब्बर ने कहा, हमें कांग्रेस के बुरे दिन ही लौटा दो

Published: Oct 10, 2015 08:37:00 pm

राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जनता को दाल-रोटी खाने को नसीब थी। भाजपा सरकार ने गरीबों से उसका निवाला भी छीन लिया है।

Raj Babbar

Raj Babbar

आगरा। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद राज बब्बर ने शनिवार को आगरा में भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अच्छे दिन आएंगे के वादे की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि आज महंगाई चरम पर है। 15 महीने पहले महंगाई के मुद्दे पर ही भाजपा ने कांग्रेस को जमकर कोसा था और महंगाई कम करने का वादा किया था। लेकिन कांग्रेस के शासन में जो दाल 70 रूपए किलो था वही आज आगरा में 140 रूपए और मुंबई में 200 रूपए किलो बिक रही है। यही कारण है कि अब देश की जनता भाजपा के अच्छे दनों की बजाय कांग्रेस शासन के बुरे दिनों को ही लाने की गुहार कर रही है।

राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जनता को दाल-रोटी खाने को नसीब थी। भाजपा सरकार ने गरीबों से उसका निवाला भी छीन लिया है। युवाओं को रोजगार का सपना दिखाया गया था, वह नहीं मिला। हर व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रूपए देने का वादा किया गया था। वह भी पूरा नहीं हुआ है। भाजपा के पाखंड का जवाब जनता जरूर देगी।

सपा-भाजपा ने लिया बाबरी और दादरी कांड का लाभ
राज बब्बर ने कहा कि भाजपा और सपा दोनों ने ही बाबरी और दादरी कांड को भुनाने की कोशिश की है। बाबरी कांड के बाद तोड़फोड़ हुआ था और उसका राजनीतिक लाभ इन्हीं दोनों पार्टियों ने लिया था। दादरी कांड के बाद भी यही दोनों पार्टियां राजनीतिक रोटी सेंकने का प्रयास कर रही हैं। चूंकि दोनों पार्टियां इंसान को हिंदू-मुसलमान या जाति के आधार पर देखती हैं, जिसके कारण उन्हें बाबरी या दादरी कांड जैसी घटनाओं का लाभ मिल जाता है। परंतु अब जनता की आंखें खुल गई हैं। कांग्रेस जियो और जीने दो में विश्वास करती है। कांग्रेस दादरी में आज सदभावना यात्रा निकालना चाहती थी, परंतु उत्तर प्रदेश सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो