scriptभैया बुलाती है मुझे महिला, बदनाम करने की साजिश : कुमार विश्वास | Kumar Vishwas denies allegations, says woman calls him bhaiya | Patrika News

भैया बुलाती है मुझे महिला, बदनाम करने की साजिश : कुमार विश्वास

Published: May 04, 2015 04:12:00 pm

संजय सिंह ने मीडिया से कहा, कुमार विश्वास के महिला के साथ अवैध संबंध होने की बात
आधारहीन है

Kumar Vishwas

Kumar Vishwas

नई दिल्ली। एक महिला के साथ कथित संबंधों को लेकर निशाने पर आए आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कुमार विश्वास ने सोमवार को इस पर सफाई देते हुए कहा कि यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है। इस बीच, दिल्ली महिला आयोग ने महिला की शिकायत के बाद विश्वास को समन भेज कर मंगलवार को उन्हें आयोग के समक्ष पेश होकर सफाई पेश करने का निर्देश दिया है। आयोग की एक टीम जांच के लिए अमेठी भी जाएगी।

उन्होंने कहा कि उस महिला ने चार लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत है कि उसे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह गंदी राजनीति कर रही है।

विश्वास ने कहा कि उस महिला ने उन्हें मेल किया था जिसमें उन्हें भैया कहकर संबोधित किया गया था। “मेल में महिला ने लिखा था कि भैया मैंने शिकायत कर दी है। अब मुझे आगे क्या करना चाहिए।” आप नेता ने मीडिया को भी नसीहत देते हुए कहा कि उसे तथ्यहीन और गलत खबर चलाने से परहेज करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया में गलत खबरें चलाई जा रही हैं, लेकिन ऎसे लोग भूल जाते हैं कि उनके भी परिवार है। यह हमें बदनाम करने की कोशिश है, लेकिन हम ऎसी गंदी राजनीति के सामने हार मानने वाले नहीं हैं।

इस बीच शिकायत करने वाली महिला ने कहा कि वह न तो भाजपा की एजेंट है और न ही कांग्रेस की। वह केवल इतना चाहती हैं कि विश्वास इस मामले में स्पष्टीकरण दें। महिला ने कहा, अगर कुमार विश्वास सही हैं तो वह सामने आकर स्पष्टीकरण क्यों नहीं दे रहे हैं। इस मामले का मीडिया से क्या लेना-देना है। वह सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार करें कि हमारे बीच कुछ भी नहीं हुआ। वह ऎसा क्यों नहीं कर रहे हैं। मैंने उन लोगों के खिलाफ शिकायत की है जिन्होंने मेरी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। मैं नहीं जानती कि उनका संबंध भाजपा से है या आप से।

कुमार विश्वास के खिलाफ आरोप बेबुनियाद : आप
आम आदमी पार्टी (आप) ने पार्टी नेता कुमार विश्वास के खिलाफ पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता के साथ प्रेम प्रसंग के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। शिकायतकर्ता ने कुमार विश्वास के खिलाफ कथित तौर पर दिल्ली महिला आयोग से संपर्क किया है।

दिल्ली में सत्तारूढ़ आप ने इन आरोपों को खारिज किया है। आप नेता संजय सिंह ने मीडिया से कहा, कुमार विश्वास के महिला के साथ अवैध संबंध होने की बात आधारहीन है। महिला ने शिकायत में खुद सोशल मीडिया पर उसको बदनाम करने के लिए चार लोगों का नाम लिया है। उन्होंने कहा, “इन बेबुनियाद खबरों से हमारे परिवार दुखी होते हैं।

बेगुनाही साबित करें विश्वास: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक महिला के साथ कथित संबंधों के आरोपों से घिरे आम आदमी पार्टी (आप) नेता कुमार विश्वास को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्हें दूसरी पार्टियों और मीडिया पर दोष मढ़ने के बजाय खुद को बेदाग साबित करना चाहिए। भाजपा के प्रवक्ता जीवीएलएन राव ने कहा कि श्री विश्वास खुद पर लगे आरोपों पर सफाई देने की बजाय मीडिया और दूसरी राजनीतिक पार्टियों पर हमला करने की राजनीतिक चाल चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वह दूसरों के सिर आरोप मढ़कर बच नहीं सकते। अगर वह बेगुनाह हैं तो अपनी बेगुनाही साबित करें। उल्लेखनीय है कि विश्वास ने इस मामले में खुद को बेगुनाह बताते हुए कहा था कि यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह गंदी राजनीति कर रही है लेकिन वह ऎसी गंदी राजनीति के सामने हार मानने वाले नहीं हैं। दिल्ली महिला आयोग ने महिला की शिकायत के बाद विश्वास को समन भेज कर मंगलवार को अपनी सफाई देने का निर्देश दिया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो