script

दिल्ली विधानसभा: मार्शल्स के जरिए भाजपा MLA को बाहर निकाला

Published: May 26, 2015 06:00:00 pm

सत्र के दौरान भाजपा विधायक ओम
प्रकाश शर्मा को मार्शल्स द्वारा सदन से बाहर निकाल दिया गया

delhi assembly

delhi assembly

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार और उपराज्यपाल नजीब जंग के बीच विवाद और बढ़ता नजर आ रहा है। दिल्ली विधानसभा के मंगलवार को शुरू हुए दो दिवसीय विशेष सत्र के दौरान आप विधायक आदर्श शास्त्री ने जंग के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव रखा है। शास्त्री ने संविधान के अनुच्छेद 155 में संशोधन का प्रस्ताव दिया। वहीं सत्र के दौरान भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा को मार्शल्स द्वारा सदन से बाहर निकाल दिया गया।

जबकि केंद्र द्वारा जारी की गई अधिसूचना के खिलाफ प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए आप विधायक अल्का लांबा ने आरोप लगाया कि, एलजी के जरिए केंद्र को “मोटा माल” मिल रहा है। इस पर भाजपा के विधायक ने विरोध किया, तो उन्हें सदन से बाहर निकाल दिया गया। इससे पहले डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार की अधिसूचना के विरोध में प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव को सदन में चर्चा के लिए स्वीकार कर लिया गया। सिसोदिया ने कहा कि, संविधान को दरकिनार करते हुए अधिसूचना जारी की गई है।

विधानसभा सत्र से ठीक पहले सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात की। दिल्ली सरकार ने उपराज्यपाल के साथ तबादलों और नियुक्तियों के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना पर विचार-विमर्श करने के लिए विधानसभा का दो दिन का विशेष सत्र बुलाया है। उपराज्यपाल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया और मुख्य सचिव केके शर्मा भी थे।

सरकार ने अधिसूचना पर संविधान के जानकारों की भी राय ली है। संविधान विशेषज्ञ केके वेणुगोपाल और पूर्व महाधिवक्ता गोपाल सुब्र±मण्यम का मानना है कि अधिसूचना असंवैधानिक है। मंत्रिमंडल ने सत्र 26 और 27 मई के लिए आहूत किया है और जरूरत पड़ने पर इसे बढ़ाया भी जा सकता है।

ट्रेंडिंग वीडियो