scriptदिल्ली में हारा संघ BJP को बिहार जीतने का देगा मंत्र | RSS will give winning mantra to BJP for winning bihar elections | Patrika News
राजनीति

दिल्ली में हारा संघ BJP को बिहार जीतने का देगा मंत्र

अरविंद केजरीवाल से बुरी तरह हारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अब भाजपा को बिहार जीतने के टिप्स देने की तैयारी में

Aug 30, 2015 / 09:18 am

सुभेश शर्मा

PM Modi in Bihar Rally

PM Modi in Bihar Rally

नई दिल्ली। पिछले साल दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपने प्रचारकों की फौज उतारने के बावजूद आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल से बुरी तरह हारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अब भाजपा को बिहार जीतने के टिप्स देने की तैयारी में है। भाजपा और संघ के रणनीतिकारों के बीच तीन दिवसीय बैठक 2 सितम्बर से दिल्ली में होगी।

संघ सूत्रों के मुताबिक बैठक में संघ के आला पदाधिकारियों के साथ भाजपा संगठन के शीर्ष पदाधिकारी और कई केन्द्रीय मंत्री शामिल होंगे। इसमें संघ बिहार में भाजपा की चुनावी तैयारियों और रणनीति की जानकारी लेगा। बिहार इकाई से मिले फीडबैक को भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ साझा कर रणनीति बना सकता है। बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत सहित आला पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। हालांकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति को लेकर अभी संशय बना हुआ है। अंतिम समय में वे भी हिस्सा ले सकते हैं। बैठक में संघ के दो दर्जन अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी भी शिरकत कर फीडबैक से मोदी सरकार को अवगत करा सकते हैं।

बैठक में शिक्षा, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, बांग्लादेश से जमीन अदला-बदली के बाद के हालात, पाकिस्तान के साथ संबंधों, गुजरात में पटेलों के आंदोलन के साथ ही किसानों और मजदूरों की समस्याओं पर विचार-विमर्श कर सरकार को भावना से अवगत कराया जा सकता है। भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों के मन में सरकार के प्रति उपजे संदेह और श्रम कानूनों के कारण मजदूर संगठनों में पनप रही नाराजगी से भी भाजपा संगठन और सरकार के मंत्रियों से जवाब तलब किया जा सकता है।

बिहार में भूमिका तय होगी!
सूत्रों के अनुसार पूरी तरह नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के हाथों केन्द्रित बिहार चुनाव में अभी संघ सक्रिय नहीं हुआ है। संघ के रणनीतिकार बैठक में भाजपा के कर्ताधर्ताओं के साथ मिलकर अपनी जिम्मेदारी का निर्धारण कर सकते हैं और चुनाव अभियान में भेजे जाने वाले प्रचारकों, बूथ प्रबंधन और हर घर दस्तक के लिए स्वयंसेवकों की फौज बिहार भेजी जा सकती है।

वन रैंक वन पेंशन पर मंथन
गुजरात में पटेलों के उग्र आंदोलन से चिंतित संघ इस सबंध में केन्द्र सरकार को चिंता से अवगत करा सकता है। इसके अलावा पूर्व सैनिकों के वन रैंक वन पेंशन को लेकर चल रहे आंदोलन पर भी संघ चर्चा कर सकता है। संघ के सरकार्यवाह भैया जी जोशी और सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल ने कुछ दिनों पहले रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर से मिलकर वन रैंक वन पेंशन का पर चर्चा की थी।

Home / Political / दिल्ली में हारा संघ BJP को बिहार जीतने का देगा मंत्र

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो