scriptBJP ऑफिस के बाहर लगे संजय जोशी की घर वापसी के पोस्टर | Sanjay Joshi's poster outside BJP headquarter in Delhi | Patrika News

BJP ऑफिस के बाहर लगे संजय जोशी की घर वापसी के पोस्टर

Published: Apr 18, 2015 02:00:00 pm

इन पोस्टर व होर्डिग्स को अमित शाह और लालकृष्ण आडवाणी के घर के बाहर भी लगाया गया था

नई दिल्ली। निष्कासित नेता संजय जोशी के कारण भाजपा एक बार फिर परेशान है। शनिवार को राजधानी नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय और पार्टी के आला नेताओं के घर के बाहर संजय जोशी के पोस्टर और होर्डिग्स लगाए गए और उन्हें फिर से पार्टी में लेने की मांग की गई। हालांकि बाद में इन पोस्टरों को हटा दिया गया। पता नहीं लग पाया कि ये पोस्टर किसने लगाए लेकिन माना जा रहा है कि इसके पीछे संजय जोशी के समर्थकों का हाथ है।

इनमें लिखा हुआ था कि,”सबका साथ, सबका विकास फिर क्यों नहीं संजय जोशी का साथ। होती है सबसे मन की बात, फिर क्यों नहीं करते संजय जोशी से बात। हमारी सुनो मन की बात संजय जोशी की घर वापसी हो अबकी बार।” इन पोस्टर व होर्डिग्स को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के घर के बाहर भी लगाया गया था। पार्टी नेताओं को आशंका है कि पोस्टर लगाने के लिए शनिवार का दिन रणनीति के तहत किया गया है और जानबूझकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेश यात्रा से लौटने का दिन चुना गया। मोदी शनिवार सुबह ही फ्रांस, जर्मनी और कनाडा की यात्रा से वापिस लौटे हैं।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में संजय जोशी से जुड़ा भाजपा में यह दूसरा मामला है। छह अप्रेल को उनके जन्मदिन के मौके पर बधाई के पोस्टर लगाने के बाद केन्द्रीय मंत्री श्रीपाद नाईक को फटकार झेलनी पड़ी थी और सफाई देनी पड़ी थी। इसके अलावा उनके निजी सचिव को इस्तीफा देना पड़ा था। संजय जोशी और नरेन्द्र मोदी धुर विरोधी है और मोदी के कहने पर ही जोशी को भाजपा से निकाला गया था। 
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो