script“पदयात्रा” को लेकर शिव सेना ने राहुल गांधी पर कसा तंज | Shiv Sena targets Rahul Gandhi over his Padyatra | Patrika News

“पदयात्रा” को लेकर शिव सेना ने राहुल गांधी पर कसा तंज

Published: May 05, 2015 03:02:00 pm

मुखपत्र सामना में छपे एक लेख में पार्टी
ने कहा कि राहुल गांधी शायद भूल गए हैं कि कुछ समय पहले तक महाराष्ट्र और केंद्र
में उनकी ही पार्टी की सरकार थी

Uddhav Rahul

Uddhav Rahul

मुंबई। शिव सेना ने महाराष्ट्र के सूखे से प्रभावित विदर्भ जिले की “पदयात्रा” कर रहे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। पार्टी ने मंगलवार को कहा कि राहुल को किसानों के आंसू तब पोंछने चाहिएं थे जब उनकी पार्टी प्रदेश में 15 साल तक सत्ता में थे।

शिव सेना ने महाराष्ट्र दिवस पर दिए गए संदेश को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि किसानों की मौतों पर सिर्फ शर्म महसूस करने से समस्या का हल नहीं निकलेगा। मुखपत्र सामना में छपे एक लेख में पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी शायद भूल गए हैं कि कुछ समय पहले तक महाराष्ट्र और केंद्र में उनकी ही पार्टी की सरकार थी।

“किसानों के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जो वित्तीय सहायता जारी की थी, उसे किसानों में क्यों नहीं बांटा गया। राहुल उनके साथ सिर्फ चाय पीने और नाश्ता करने आए थे। यह और भी शर्मनाक है।

सेना ने अपने लेख में आगे लिखा, आज आपको (राहुल) किसानों की आंखों में आंसू नजर आ रहे हैं। जब आपकी पार्टी सत्ता में थी तब आपने किसानों की सुध क्यो नहीं ली। उन वादों का क्या हुआ जो आपने किए थे। आपने उस वक्त ऎसे कदम क्यो नहीं उठाएं जिससे किसान ऋण मुक्त हो जाते।

फडनवीस के बयान पर प्रदेश में साझा सरकार में शामिल शिव सेना ने कहा, किसानों की आत्महत्या हम सब के लिए शर्मनाक घटना है, ऎसी घटनाओं पर महज बयान देने से कुछ नहीं होगा। प्रदेश में सरकार बदल गई है, लेकिन आत्महत्याएं नहीं रूक रही हैं। समस्या को दूर करने के लिए कदम उठाएं ताकि अगले साल महाराष्ट्र दिवस पर आपको शर्मिदा नहीं होना पड़ा।

शिव सेना ने आगे कहा कि हरियाणा के कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनकड़ ने किसानों की आत्महत्याओं को लेकर जो बयान दिया, वह और भी शर्मनाक एवं निंदनीय है। किसानों की आत्महत्याओं से ज्यादा शर्मनाक ऎसे बयान होते हैं।

गौरतलब है कि धनकड़ ने कहा था कि जो किसान आत्महत्या करते हैं, वे डरपोक होते हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो