scriptआप की ढाई महीने की सरकार में छह MLA हो गए दागी | Six AAP MLAs face cases of riots, assault | Patrika News

आप की ढाई महीने की सरकार में छह MLA हो गए दागी

Published: Apr 30, 2015 03:30:00 pm

इन पर मारपीट, दंगा फैलाने, खुदकुशी के लिए उकसाने और विधानसभा चुनाव के दौरान वोट खरीदने के आरोप हैं

AAP MLAs

AAP MLAs

नई दिल्ली। राजनीति में शुचिता और स्वच्छ छवि के वादे के साथ सत्ता में आई आम आदमी पार्टी(आप) अब इससे दूर जाती दिखाई दे रही है। दिल्ली में दूसरी बार सत्ता में आई आप के कई वरिष्ठ नेताओं जिनमें छह विधायक भी शामिल है, के खिलाफ दिल्ली पुलिस जांच कर रही है। इन पर मारपीट, दंगा फैलाने, खुदकुशी के लिए उकसाने और विधानसभा चुनाव के दौरान वोट खरीदने के आरोप हैं।

दिल्ली पुलिस उत्तम नगर से विधायक नरेश बालयान, शाहदरा विधायक रामनिवास गोयल, बुराड़ी विधायक संजीव झा, मॉडल टाउन विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी, कोंडली विधायक मनोज कुमार और तिलक नगर विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ जांच कर रही हैं। इनके अलावा जंतर-मंतर पर किसान रैली में किसान की आत्महत्या के मामले में आप के वरिष्ठ नेता भी जांच के दायरे में है।

दिल्ली पुलिस ने विधानसभा चुनावों से पहले 31 जनवरी को उत्तम नगर में एक गोदाम से अवैध शराब के लगभग 500 कार्टन जब्त किए। सूत्रों के अनुसार गोदाम कथित रूप से आप विधायक नरेश बालयान के रिश्तेदार का है। शाहदरा विधायक गोयल के खिलाफ पुलिस दंगा भड़काने, चोट पहुंचाने और बिल्डर के घर में जबरदस्ती घुसने के मामले में जांच कर रही है। जबकि बुराड़ी और मॉडल टाउन विधायक के खिलाफ भीड़ को भड़काने का आरोप है। इसमें एक दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

वहीं कोंडली विधायक और भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ झगड़े को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी। जबकि तिलक नगर विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ दक्षिणी दिल्ली नगर निगम कार्यालय मे जूनियर इंजीनियर से मारपीट का आरोप है। उनके खिलाफ मामला दर्ज है और जांच जारी है।

हालांकि आप के प्रवक्ता इन आरोपों से इनकार करते हैं और विधायकों पर लगाए गए आरोपों को “राजनीतिक दबाव” से प्रेरित बताते हैं। उनका कहना है कि दिल्ल पुलिस को आप के खिलाफ राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। किसान की आत्महत्या मामले से साफ दिख रहा है। वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए हम आशंका है कि भविष्य में इस तरह के कई और मामले सामने आ सकते हैं। हम उनके लिए तैयार हैं और जनता के लिए लड़ते रहेंगे। 
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो