मृत्युदंड को खत्म कर देना चाहिए : वरूण गांधी
Published: Aug 01, 2015 10:43:00 pm
वरूण गांधी का यह लेख ऎसे समय आया है जब 1993 के मुंबई बम विस्फोटों के दोषी
याकूब मेमन को 30 जुलाई को फांसी दी गई थी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरूण गांधी ने मौत की सजा को खत्म करने की पुरजोर वकालत करते हुए इसे सभ्य समाज पर कलंक बताया है। सुल्तानपुर से सांसद और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के पुत्र वरूण गांधी ने एक अंग्रेजी पत्रिका में लिखे लेख में कहा है कि भारत में मृत्युदंड पाने वालों में अधिकांश लोग गरीब और अल्पसंख्यक हैं।
गांधी का यह लेख ऎसे समय आया है जब 1993 के मुंबई बम विस्फोटों के दोषी याकूब मेमन को 30 जुलाई को फांसी दी गई थी। भाजपा नेता ने अपने लेख में कई सभ्यताओं में मृत्युदंड की प्रथाओं और नियमों का हवाला देते हुए कहा कि यह बेहद क्रूर और निरंकुशतावादी प्रचलन था।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह और राजगुरू को ब्रिटिश शासनकाल में फांसी दिए जाने का भी उल्लेख किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने गांधी के लेख पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर कहा कि यह उनकी निजी राय है।