scriptलड़के के एकतरफा प्यार से परेशान युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी की | The boy's unrequited love troubled young woman commits suicide | Patrika News

लड़के के एकतरफा प्यार से परेशान युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी की

locationरायसेनPublished: Jan 15, 2017 11:50:00 pm

Submitted by:

Ram kailash napit

युवक छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार

बेगमगंज. युवक द्वारा एकतरफा प्यार और लगातार पीछा करने से परेशान युवती ने उस समय फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली जब लड़का उक्त युवती के घर में घुस गया। नगर से 20 किलोमीटर दूर ग्राम बासादेही में शनिवार रात उक्त घटना हुई। घटना के बाद लड़की के परिजनों ने बेगमगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से गांव में शोक और युवक के प्रति लोगों में रोष व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बांसादेही निवासी 19 वर्षीय सुमन पुत्री दशरथ आदिवासी शनिवार रात्रि फंदे पर झूल गई। लड़की के परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार लड़की से एकतरफा प्यार करने वाला पुष्पेंद्र विश्वकर्मा निवासी ग्राम उतका अपनी नानी के यहां आया हुआ था। घटना वाले दिन मृतिका सुमन की मां मायके गई हुई थी और उसका बड़ा भाई अपनी पत्नी को लेने के लिए ससुराल गया था। छोटा भाई भी घर से बाहर था। सुमन घर में अकेली थी। मौका पाकर पुष्पेंद्र शनिवार की शाम लगभग 4:00 बजे बुरी नीयत से सुमन के घर में घुस गया। तभी अचानक सुमन का छोटा भाई पहुंच गया। भाई और आरोपी के बीच इस बात को लेकर विवाद हुआ। आरोपी ने अपनी नानी और मामी को भी बुला लिया। इन लोगों ने सुमन और उसके भाई से विवाद किया। इसके बाद सुमन का भाई खेत पर चला गया, लेकिन बाद में सुमन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को को पीएम के लिए भेजा। रविवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। सुमन के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर प्रारंभिक तौर पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिता और बहन ने भी की थी आत्महत्या
जानकारी के अनुसार सुमन की बड़ी बहन कुसुम ने लगभग दो साल पहले भोपाल के भानपुर क्षेत्र में अपनी ससुराल में आग लगाकर आत्महत्या की थी। उसकी मौत के सही कारणों का आज तक पता नहीं चल सका, जबकि सुमन के पिता दशरथ सिंह ने लगभग तीन साल पहले अपने खेत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। दशरथ की आत्महत्या के कारणों का भी आज तक कोई पता नहीं चला है।

 सुमन के परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपी पुष्पेंद्र के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। आगे जांच के सामने आने वाले तथ्यों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
मंगल सिंह ठाकरे, एसडीओपी बेगमगंज

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो