रीवा। बहुचर्चित बांधी हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला आरोपी किशोरी के रिश्ते का चाचा है जिसने बेहोशी हालत में उसे वासना का शिकार बनाया और फिर अपराध छिपाने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
ज्ञात हो कि गुढ़ थाना के बांधी गांव में एक दिसम्बर की दरम्यानी रात 14 वर्षीय किशोरी की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। उसका शव घर से करीब 100 मीटर दूर बरामद हुआ था। इस घटना की जांच के लिए एसपी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी, डीएसपी चंचल नागर, टीआई नागेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की।
सिर में बल्ला मार बेहोश करने के बाद दुष्कर्म
प़ुलिस ने गांव के नशेड़ी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी पुलिस के हांथ लग गया। आरोपी रामजियावन उर्फ टिर्रू प्रजापति तनय धनपति (22) निवासी बांधी ने दुष्कृत्य के बाद किशोरी की हत्या की थी। घटना दिनांक को आरोपी न खेत में गांजा पिया और उसके बाद रात करीब डेढ़ बजे वह किशोरी के घर पहुंच गया। चिमटा से उसने दरवाजे की कड़ी खोल ली। उसे देख किशोरी शोर मचाया तो उसने बल्ले से उसके सिर में वार किया जिससे वह बेहोश हो गई। बेहोशी हालत में ही उसने दुष्कर्म किया। होश में आने पर किशोरी ने पुन: शोर मचाया तो आरोपी ने उसी बल्ले से उसकी हत्या कर दी।
ऐसे खुला राज
आरोपी से पुलिस ने जब पहलीबार पूछताछ की तो उसने घटना के समय घर में होने की जानकारी दी थी। लेकिन बाद में पुलिस को दो लोगों ने जानकारी दी कि उन्होंने रात करीब 11 बजे आरोपी को किशोरी के घर के पास और तीन बजे शव मिलने वाली जगह पर देखा था। रात तीन बजे से सुबह छ: बजे तक वह एक व्यक्ति के साथ खेत में बैठकर आग सेंक रहा था। पुलिस ने जब पुन: आरोपी को हिरासत में लिया तो उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
दोपहर ही तैयार कर ली थी योजना
आरोपी रामजीयावन ने वारदात को अंजाम देने की योजना दोपहर ही तैयार कर ली थी।किशोरी के परिजन महसांव वैवाहिक आयोजन में शामिल होने गए थे और वह घर में अकेले थी।दोपहर इसकी जानकारी मिलने पर उसने योजना बनाई और रात को उसके घर पहुंच गया। आरोपी, किशोरी से प्रेम-प्रसंग का दावा कर रहा है।
गुमराह करने के लिए बाहर फेंका था शव
किशोरी की हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को बाहर फेंक दिया था। उस दिन गांव में एक बारात आई थी। आरोपी ने शव को बाहर लाकर फेंक दिया ताकि यह काम किसी बारात वाले का लगे। लेकिन कमरे के अंदर पड़े खून के धब्बों ने घटना की हकीकत सामने ला दी।