script100 करोड़ क्लब की क्वीन है दीपिका पादुकोण | Deepika Padukone is Queen of Rs 100 crores club | Patrika News
खास खबर

100 करोड़ क्लब की क्वीन है दीपिका पादुकोण

वर्ष 2006 में प्रदर्शित कन्नड़ फिल्म ‘ऐश्वर्या’ से उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की

Jan 05, 2017 / 12:02 am

जमील खान

Deepika padukone

Deepika padukone

मुंबई। बॉलीवुड में दीपिका पादुकोण एक ऐसी अभिनेत्री के तौर पर शुमार की जाती है जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री मे अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। दीपिका का जन्म 5 जनवरी, 1986 को हुआ। उनके पिता प्रकाश पादुकोण देश के मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुके हैं। दीपिका ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की। वर्ष 2006 में प्रदर्शित कन्नड़ फिल्म ‘ऐश्वर्या’ से उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की।

वर्ष 2007 में प्रदर्शित फिल्म ‘ओम शांति ओम’ से उन्होंने बॉलीवुड में भी कदम रख दिया। फराह खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में दीपिका ने दोहरी भूमिका निभाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस फिल्म में उनके अपोजिट शाहरुख खान थे। शाहरुख, दीपिका की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया, साथ हीं फिल्म भी सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म के
लिए दीपिका को फिल्मफेयर की ओर से सर्वश्रेष्ठ डेब्यू अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया।

वर्ष 2008 में उनकी बचना ऐ हसीनों प्रदर्शित हुई। इस फिल्म में उनकी जोड़ी रणबीर कपूर के साथ थी। फिल्म टिकट खिड़की पर औसत सफलता ही हासिल कर सकी। इसके बाद दीपिका की चांदनी चैक टू चाइना और कार्तिक कॉलिंग कार्तिक जैसी फिल्में प्रदर्शित हुईं जो बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा सकीं।

वर्ष 2010 में दीपिका के करियर की एक और सुपरहिट फिल्म हाउसफुल प्रदर्शित हुई। साजिद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कामयाबी से दीपिका एक बार फिर से फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहीं। हालांकि, इसी वर्ष प्रदर्शित फिल्म ‘खेले हम जी जान से’, ‘लफंगे परिन्दे’ और ‘ब्रेक के बाद’ टिकट खिड़की पर कोई कमाल नहीं दिखा सकी।

वर्ष 2011 में प्रदर्शित फिल्म ‘दम मारो दम’ में उन्होंने आइटम नंबर ‘दम मारो दम मिट जाए गम’ के जरिए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वर्ष 2012 में प्रदर्शित फिल्म कॉकटेल उनके करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। इस फिल्म में दीपिका की जोड़ी सैफ अली खान के साथ काफी पसंद की गई। इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित भी की गई।

वर्ष 2013 उनके करियर के लिए सबसे बेहतरीन वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष दीपिका की रेस-2, ये जवानी है दीवानी, चेन्नई एक्सप्रेस और गोलियों की रासलीला रामलीला जैसी फिल्में प्रदर्शित हुईं और सभी फिल्मों ने टिकट खिड़की पर 100 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की। दीपिका पादुकोण की वर्ष 2014 में हैप्पी न्यू इयर और फाइडिंग पेनी प्रदर्शित हुई। हैप्पी न्यू ईयर ने 200 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की है।

दीपिका की वर्ष 2015 में पीकू, तमाशा और बाजीराव-मस्तानी प्रदर्शित हुई है। बाजीराव-मस्तानी ने टिकट खिड़की पर 184 करोड़ रुपए की कमाई की है। वह इन दिनों संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती में काम कर रही हैं।

Home / Special / 100 करोड़ क्लब की क्वीन है दीपिका पादुकोण

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो