scriptबलूचिस्तानः अलगाववादियों ने की 6 सैनिकों व एक अधिकारी की हत्या | The separatists in Baluchistan, killing 6 soldiers and one officer | Patrika News

बलूचिस्तानः अलगाववादियों ने की 6 सैनिकों व एक अधिकारी की हत्या

Published: Aug 26, 2016 02:21:00 pm

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बंदूकधारियों ने एक काफिले पर हमला करके छह सैनिकों तथा एक प्रान्तीय अधिकारी की हत्या कर दी। अलगाववादियों का यह गुट सुरक्षाबलों पर अक्सर हमले करता रहता है।

balochistan problem

balochistan problem

क्वेटा (पाकिस्तान)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में गुरुवार को बंदूकधारियों ने एक काफिले पर घात लगाकर हमला करके छह सैनिकों तथा एक प्रान्तीय अधिकारी की हत्या कर दी। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। यह हमला ग्वादर बंदरगाह से 80 किलोमीटर दूर किया गया। यहां चीन की सहायता से 46 अरब डॉलर का आर्थिक गलियारा बनाया जा रहा है। यह गलियारा पाकिस्तान ग्वादर तथा चीन के शिंजियान प्रान्त के बीच होगा। 

बंदूकधारियों के गुट ने किया रॉकेट और बम से हमला
प्रान्तीय अधिकारी तथा सैनिकों का काफिला गुरुवार को एक जमीन के विवाद के मामले की सुनवाई कर लौट रहा था। बंदूकधारियों के गुट ने रॉकेट तथा हथगोले से काफिले पर हमला किया। यह हमला अचानक किया गया और बंदूकधारियों ने एके-47 राइफलों से गोलियां भी चलायीं।

अलगाववादी गुट का हो सकता है हाथ
ईरान तथा अफगानिस्तान की सीमा से लगे बलूचिस्तान का अलगाववादी गुट आजादी के लिए लम्बे समय से संघर्ष कर रहा है। पृथकवादियों का यह गुट सुरक्षाबलों पर अक्सर हमले करता रहता है। अपने गृह राज्य के लिए उनका संघर्ष दशकों से चल रहा है।

सरकारी अधिकारी और सुरक्षा बल निशाने पर
पृथकवादी पाकिस्तान के सरकारी अधिकारियों तथा सुरक्षा बलों को अक्सर अपना निशाना बनाते हैं। उन्होंने पिछले वर्ष बलूचिस्तान के जेवानी एयरपोर्ट पर हमला किया था, जिसमें कई इंजीनियर मारे गये थे तथा रडार प्रणाली को क्षति पहुंची थी। बलूच पृथकवादियों का कहना है कि सुरक्षाबल उनके सैकड़ों लोगों का अपहरण तथा हत्याएं कर चुका है। 

चीनी नागरिकों पर हमले को लेकर पाक सजग
पाकिस्तान चीन के नागरिकों पर हमले को लेकर अधिक संवेदनशील है। पाकिस्तान की सरकार ने बलूचिस्तान में चीन के नागरिकों की सुरक्षा का आश्वासन दिया है। 
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो