scriptकर्नाटक में शाह की हुंकार प्रदेश में अगली सरकार भाजपा की | amit shah says next government of BJP in Karnataka | Patrika News

कर्नाटक में शाह की हुंकार प्रदेश में अगली सरकार भाजपा की

Published: Aug 12, 2017 08:19:00 pm

Submitted by:

Rahul Chauhan

शाह ने दो टूक कह दिया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने से भी नहीं हिचकिचाएगी।

amit shah

कर्नाटक के तीन दिवसीय दौरे पर अमित शाह

बेंगलुरु: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश के तीन दिवसीय प्रवास के मकसद को स्पष्ट करते हुए पार्टी जनों से एकजुट रहने और राज्य में सत्ता वापसी के लिए पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया। शाह के राज्य के तीन दिवसीय प्रवास पर शनिवार को यहां पहुंचने पर पार्टी मुख्यालय जगन्नाथ भवन में भव्य स्वागत समारोह में भाग लेने के बाद कहा कि पार्टी के प्रत्येक व्यक्ति को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी.एस. येदियुरप्पा के नेतृत्व में एकजुटता से काम करना होगा, जिनको हमने अगले मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित किया है।
कांग्रेस मुक्त कर्नाटक बनाने का वक्त आ गया- शाह
शाह ने दो टूक कह दिया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने से भी नहीं हिचकिचाएगी। शाह ने कहा कि पार्टी में एकजुटता बहुत ही जरुरी है क्योंकि अब कांग्रेस मुक्त कर्नाटक बनाने का वक्त आ गया है। राज्य में कांग्रेस को सत्ता में बहाल रहने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि कांग्रेस के शासनकाल में राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा, पार्टी को निचले स्तर पर मजबूत बनाने की तत्काल जरुरत है और इसके लिए एकजुटता ही एक मात्र सिद्धांत हैं जिसका कार्यकर्ता से लेकर नेता तक सभी को पालन करना होगा।
प्रदेश की भ्रष्ट सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना होगा
इससे पहले केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने शाह का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि आगामी चुनावी युद्ध में विजय पताका लहराने के लिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को सिपाही की तरह काम करना होगा और राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना होगा। उन्होंने कहा कि वे कर्नाटक में अगली सरकार भाजपा की ही बनने का का संदेश देने के लिए आए हैं।
मन, वचन, कर्म से जुटें कार्यकर्ता

अगले साल फरवरी मार्च माह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विजयी रथयात्रा दक्षिण की तरफ मुड़ने वाली है। राज्य की जनता ने पिछले चार सालों से राज्य में शासन कर रही कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ने का निर्णय किया है। इस माहौल का सदुपयोग करके पार्टी के संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को मन, वचन व कर्म से जुट जाना होगा।
पार्टी को सत्ता में लाने के लिए काम में जुटें कार्यकर्ता

पार्टी को सत्ता में लाने के काम में अभी से जुट जाना होगा और मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करना होगा। शाह ने कहा कि मेरा मिशन कर्नाटक को कांग्रेस के शासन से मुक्त करना है। इसके बाद अमित शाह ने भाजपा कोर कमेटी की बैठक में भाग लिया और प्रदेश के प्रमुख नेताओं के बीच उत्पन्न मतभेदों को दूर करने के संबंध में चर्चा की और नेताओं के आपसी गिले शिकवे दूर करने का प्रयास किया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो