scriptतांत्रिक के साथ अवैध संबन्ध न बनाने पर पत्नी को मौत के घाट उतारने वाला पति और ढोंगी बाबा गिरफ्तार | husband arrest for killing wife due to deny illegal relation with baba | Patrika News

तांत्रिक के साथ अवैध संबन्ध न बनाने पर पत्नी को मौत के घाट उतारने वाला पति और ढोंगी बाबा गिरफ्तार

locationअलीगढ़Published: Jun 15, 2019 12:29:21 pm

Submitted by:

suchita mishra

तांत्रिक ने आरोपी शख्स को जल्द करोड़पति बनने का सपना दिखाया था जिसके बाद से वो पत्नी पर तांत्रिक के साथ अवैध संबन्ध बनाने का दबाव बना रहा था।

Accused

Accused

अलीगढ़। तांत्रिक के साथ अवैध संबन्ध बनाने से इंकार पर पत्नी को मौत के घाट उतारने वाले पति व आरोपी तांत्रिक बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तांत्रिक ने उस शख्स को जल्द करोड़पति बनाने का सपना दिखाया था, जिसके बाद से वो शख्स अपनी पत्नी पर तांत्रिक के साथ अवैध संबन्ध बनाने का दबाव बना रहा था। जब महिला ने ऐसा करने से मना कर दिया तो पति ने उसे गंगा नदी में डुबोकर मार दिया। उसकी लाश को भी नदी में बहा दिया। पुलिस ने महिला का शव बरामद कर लिया है।
ये है पूरा मामला
गंगीरी क्षेत्र के गांव रातरोई निवासी राजेश पुत्र भूप सिंह ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बहन की शादी कुछ वर्ष पूर्व दादों क्षेत्र में मानपाल सिंह के साथ की थी। बुधवार को वो गांव के ही जय कुमार के साथ दशहरा पर गंगा स्नान के लिए सांकरा गया था। गंगा स्नान से पहले वो बहन से मिलने सांकरा में उसके घर पहुंचा। राजेश के मुताबिक मुलाकात के दौरान उसकी बहन ने बताया कि मानपाल सांकरा गंगा तट पर मढ़ी पर रहने वाले एक तांत्रिक बाबा संतदास झारखंडी के संपर्क में आ गया और नशे का आदी हो गया। इस दौरान तांत्रिक ने उसे जल्द अमीर बनने के सपने दिखा दिए हैं, जिसके बाद से मानपाल उस पर तांत्रिक के साथ संबन्ध बनाने के लिए दबाव डालता है। उसके साथ मारपीट करता है।
राजेश के मुताबिक बहन की सारी बात सुनने के बाद उसने अपने बहनोई को काफी देर तक समझाया और मामला शांत कर दिया। इसके बाद बहन-बहनोई गंगा किनारे खेतों में चारा लेने की बात कहकर चले गए और राजेश अपने मित्र के साथ स्नान के लिए गंगाघाट पहुंच गए। वहां जाकर देखा कि मानपाल उनकी बहन को खींचकर गंगा के बीच में ले गया और डुबोकर मार डाला और तैरकर वहां से भाग गया। इसके बाद राजेश ने आरोपी बहनोई और तांत्रिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज करके गुरुवार सुबह से ही गोताखोरों और स्टीमर की मदद से महिला के शव की तलाश शुरू कर दी थी। देर शाम शव को बरामद कर लिया गया। वहीं आरोपी तांत्रिक और महिला के पति को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो