कोरबा. एक विक्षिप्त पिता ने अपनी 10 साल की बेटी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। घटना स्थल पर ही लकड़ी ने दम तोड़ दिया। इधर बीच-बचाव करने आई पत्नी पर भी प्राणघातक हमला कर दिया। इसे गंभीर हालत में उपचार के लिए करतला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से भाग निकला। श्यांग थाना अंतर्गत ग्राम जिल्गा जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। गांव में राधेलाल नामक व्यक्ति निवास करता है। पिछले कुछ माह से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। आएदिन वह नशे में रहता था। उसके साथ पत्नी राजकुमारी व 10 वर्षीय पुत्री ममता भी रहती है। मंगलवार की सुबह पारिवारिक विवाद को लेकर राधे लाल ने पुत्री ममता की डंडे से पिटाई शुरू कर दी। ताबड़तोड़ हमले से ममता लहूलुहान हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी राजकुमारी पर भी राधेलाल ने जानलेवा हमला कर दिया। पिता के द्वारा डंडे से पिटाई में घायल हुई ममता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी राजकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से भाग निकला। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी श्यांग पुलिस को दी। मौके पर पहुंची श्यांग पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए करतला स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है।