71 Years 71 Stories

ममता के शपथ ग्रहण में मोदी, सोनिया भी होंगे आमंत्रित, लगेगा नेताओं का जमावड़ा

पश्चिम बंगाल विधान सभा के लिए ममता बनर्जी के 27 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में कई दिग्गज हस्तियां भाग लेंगी।

May 21, 2016 / 09:21 am

Abhishek Pareek

पश्चिम बंगाल विधान सभा के लिए ममता बनर्जी के 27 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में कई दिग्गज हस्तियां भाग लेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, अरुण जेटली, राजनाथ सिंह समेत कई मुख्यमंत्रियों नीतीश कुमार, नवीन पटनायक, अरविन्द केजरीवाल, अखिलेश यादव के अलावा बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा जाएगा।
पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने यह कहकर अपनी आगे की योजना भी स्पष्ट कर दी है कि वह गैर कांग्रेसी आैर गैर भाजपार्इ दलों का हिस्सा हैं। सूत्रों के अनुसार ममता का शपथ ग्रहण समारोह कई गैर कांग्रेस और गैर भाजपा नेताओं का शक्ति प्रदर्शन हो सकता है। इस जमावड़े को कोलकाता से दिल्ली को एक मजबूत संदेश देने वाला भी माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी की नीतीश कुमार, अरविन्द केजरीवाल और नवीन पटनायक से टेलीफोन पर लम्बी बात हुई है, जिसमें राष्ट्रीय राजनीति पर भी चर्चा किए जाने की अटकलें हैं।
उल्लेखनीय है कि ममता और केजरीवाल एक दूसरे का हमेशा समर्थन किया है और दोनों के राजनीतिक रिश्ते भी बहुत अच्छे रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार ओडिशा के मुख्यमंत्री पटनायक ने भी भाजपा से दूरी बनानी शुरू कर दी है। कांग्रेस से उनकी दूरी पहले से ही है। केजरीवाल पहले ही केंद्र सरकार पर आक्रामक तरीके से हमला करते रहे हैं। नीतीश ने भी कहा है कि ममता संघ मुक्त भारत के लिए चल रही लड़ाई का हिस्सा बनेंगी।
समारोह स्थल भी प्रभावशाली होगा
ममता का शपथग्रहण समारोह स्थल भी प्रभावशाली होगा। समारोह कोलकाता की रेड रोड पर होगा जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अंग्रेजों ने बनवाया था। नई विधानसभा की पहली बैठक 31 मई को होने की सम्भावना है।

Home / 71 Years 71 Stories / ममता के शपथ ग्रहण में मोदी, सोनिया भी होंगे आमंत्रित, लगेगा नेताओं का जमावड़ा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.