अफ्रीका

नाइजीरिया में गर्ल्स स्कूल पर बोको हरम का हमला, 100 से ज्यादा लड़कियां अगवा

हमले में आतंकियों ने स्कूल से खाने-पीने का सामान भी लूटा। इससे पहले भी बनाया था स्कूलों को निशाना।

Feb 22, 2018 / 01:17 pm

Navyavesh Navrahi

नाइजीरिया में आतंकी संगठन बोको हरम की ओर से गर्ल्स स्कूल को निशाना बनाकर 100 से ज्यादा छात्राओं को अगवा करने की खबर है। एक रिपोर्ट के अनुसार- अगवा की गई लड़कियों की संख्या 111 है। खबर लिखे जाने तक कुछ छात्राएं लौट आई हैं, जबकि 46 छात्राएं अब भी लापता बताई जा रही हैं। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि लगभग 28 स्टूडेंट्स सुरक्षित घर पहुंच गई हैं जबकि 20 बाद में लौटीं।
हमले में कोई हताहत नहीं

हालांकि हमले के बाद किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं थी। बताया जाता है कि हमले के बाद छात्राएं और स्टाफ जान बचाने के लिए वहां से भाग गया। योब के एजुकेशन कमिश्नर मोहम्मद लामिन ने कहा है कि सरकार को उम्मीद है कि बाकी लड़कियां भी जल्द लौट आएंगी। गौर हो- बोको हरम के आतंकियों ने योब के सभी गर्ल्स कॉलेजों पर हमला करके वहां से खाने-पीने का सामान लूट लिया था। नाइजीरियन सरकार के अनुसार- इसी हफ्ते की शुरुआत में बोको हरम के आतंकियों ने गर्ल्स कॉलेज पर हमला किया था। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में बताया गया था कि हमले के बाद 100 से ज्यादा छात्राएं लापता हैं।
पहले भी किया था लड़कियों का अपहरण

उल्लेखनीय है कि बोको हरम आतंकी समूह है और नाइजीरिया में लंबे समय से सक्रिय है। समूह की ओर से अब तक कई आत्मघाती हमलों को अंजाम दिया जा चुका है, जिनमें अब तक 20 हजार से ज्यादा लोगों को अपनी जानें गंवानी पड़ीं हैं। जबकि आतंकियों के डर से दो मिलियन से ज्यादा लोग वहां से पलायन कर चुके हैं।
बोको के आतंकियों की ओर से से कई लोगों का अपहरण भी किया जा चुका है। आतंकियों ने साल 2014 में चिबोक से 276 स्कूली छात्राओं को अगवा कर लिया था। यह आतंकी समूह पड़ोसी देशों कैमरन, चाड और नाइजर में भी सक्रिय है। आतंकी संगठन बोको हरम ने अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

Home / world / Africa / नाइजीरिया में गर्ल्स स्कूल पर बोको हरम का हमला, 100 से ज्यादा लड़कियां अगवा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.