scriptनाइजीरिया में “झाड़ू”, बुहारी जीते | Mohammad Buhari wins Nigeria President Election | Patrika News

नाइजीरिया में “झाड़ू”, बुहारी जीते

Published: Apr 02, 2015 10:00:00 am

नाइजीरिया में राष्ट्रपति पद चुनाव और दिल्ली में विस. चुनाव के नतीजों
में कुछ समानता है, दोनों ही जगह झाड़ू फिरी है

अबुजा। आपको यह जानकर ताज्जुब होगा कि नाइजीरिया में राष्ट्रपति पद चुनाव और दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नतीजों में कुछ समानता है। दरअसल, दोनों ही जगह झाड़ू फिरी है। नाइजीरिया में विपक्षी ऑल प्रोग्रेसिव कांग्रेस (एपीसी) के उम्मीदवार मुहम्मद बुहारी जीते।

पूर्व सैन्य शासक बुहारी की पार्टी का चुनाव चिन्ह भी दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की तरह झाड़ू ही है। बुहारी ने निर्वतमान राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन को हराया। राष्ट्रपति के चुनाव में बुहारी को 1,54,24,921 मत मिले, जबकि जोनाथन को 1,28,53,162 वोट मिले। बुहारी के निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा बुधवार को की गई। यह पहली बार है जब राष्ट्रपति चुनाव में किसी विपक्षी उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। इससे पहले, जोनाथन ने हार स्वीकार करते हुए कहा था कि देश में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के अपने वादे को पूरा किया है।

भारत में पढ़े

नए राष्ट्रपति 72 वर्षीय बुहारी का भारत से करीबी नाता रहा है। वे तमिलनाडु के वेलिंगटन स्थित इंडियन डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज के स्नातक हैं। इस कॉलेज से 1973 में पढ़ाई पूरी की थी।

23वीं संतान

बुहारी का जन्म 17 दिसंबर 1942 को हुआ था। वे माता-पिता की 23वीं संतान थे। महज चार साल के थे तो सिर से पिता का साया उठ गया। वे 1961 में सेना में भर्ती हुए थे। नाइजीरिया कट्टरपंथी संगठन बोको हरम की चुनौतियों का सामना कर रहा है। माना जा रहा है कि बोको को हराने में बुहारी ज्यादा सक्षम हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो