script९० किलो की तौल पर अन्नदाता को लगा रहे ३.५ किलो की चपत | 3.5 kg of chopped onion weighing 90 kg | Patrika News
अगार मालवा

९० किलो की तौल पर अन्नदाता को लगा रहे ३.५ किलो की चपत

कृषि उपज मंडी के व्यापारी द्वारा तौल कांटे में गड़बड़ी करने का मामला सामने आया

अगार मालवाApr 08, 2018 / 12:42 am

Lalit Saxena

patrika

कृषि उपज मंडी के व्यापारी द्वारा तौल कांटे में गड़बड़ी करने का मामला सामने आया

दुर्गेश शर्मा
आगर-मालवा. कृषि उपज मंडी के व्यापारी द्वारा तौल कांटे में गड़बड़ी करने का मामला सामने आया है। जानकारी होने पर किसान आक्रोशित हो उठे और मंडी में हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। किसानों की शिकायत पर मंडी प्रशासन ने व्यापारी का तौल कांटा जब्त कर कार्रवाई प्रस्तावित की है। महाकाली ट्रेडर्स के तौल कांटे पर ९० किलो की धारण मेें ३.५० किलो की चपत लगाया जाना सामने आया है।
राजेन्द्र सिंह राठौर निवासी माकड़ौन नामक कृषक अपने घर से चने को तौल कर मंडी आया था लेकिन महाकाली ट्रेडर्स के कांटे पर उसकी उपज का वजन कम निकला तो किसान को संदेह हुआ। किसान ने तत्काल आवाज उठाई और तौल कांटे की जांच करने लगा। किसानों ने ही जब शुरुआत में जांच की तो ९० किलो की धारण पर करीब ५ किलो की गड़बड़ किसानों को दिखाई दी।
इस प्रकार की गड़बड़ देख किसान आक्रोशित हो उठे और मंडी में हंगामा मचाने लगे। किसानों का आक्रोश देख संबंधित व्यापारी वहां से रफूचक्कर हो गया। मंडी कर्मचारियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
किसानों की शिकायत सही मिली
पुलिस के आने के बाद मंडी प्रांगण प्रभारी सुरेश पोरवाल तौल कांटे पर पहुंचे और विस्तृत जांच कर मौका पंचनामा बनाया। मंडी निरीक्षक राजेश जोशी ने बताया कि किसानों की शिकायत सही पाई गई है। तौल कांटे पर करीब साढ़े तीन किलो प्रति धारण की त्रुटि सामने आई है। जांच प्रतिवेदन मंडी समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं किसानों ने बताया कि मंडी के लगभग सभी तौल कांटो की जांच की जाए। आए दिन इस प्रकार की स्थिति निर्मित होती है।
तुलावटी की बनती है जवाबदारी
किसानों की उपज का सही तौल करवाने के लिए मंडी प्रशासन तुलावटी को नियुक्त करते हैं। यही तुलावटी किसानों की उपज का स्वयं की मौजूदगी में तौल करवाते है। तौल आरंभ होने से पूर्व प्रतिदिन कांटो की जांच होती है। फिर इस प्रकार की स्थिति निर्मित होना और वो भी ९० किलो पर साढे तीन किलो की गड़बड़ी सामने आना समझ से परे है।
कामकाज हुआ प्रभावित
मंडी में हंगामा मचने के बाद करीब २ घंटे तक कामकाज प्रभावित हो गया। सुबह की पाली में आने वाले किसानों को इस हंगामे की वजह से ५ बजे तक भुगतान के लिए परेशान होना पड़ा।
मंडी प्रांगण प्रभारी व निरीक्षक ने मौका पर ही पंचनामा बनाया है। प्रारंभिक जांच में त्रुटि सामने आई है मंडी अधिनियम के अंतर्गत संबंधित फर्म के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राजेश मिश्रा, मंडी सचिव आगर

Home / Agar Malwa / ९० किलो की तौल पर अन्नदाता को लगा रहे ३.५ किलो की चपत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो