scriptहवाओं में क्यों गूंजा ओम नम: शिवाय | Why guna in the wind om namha shiya | Patrika News

हवाओं में क्यों गूंजा ओम नम: शिवाय

locationअगार मालवाPublished: Aug 28, 2018 01:03:36 am

Submitted by:

Lalit Saxena

हवा में गूंजता हर-हर महादेव, शिव शंभू, ú नम: शिवाय की स्वर लहरिया, कहार के रूप में पालकी उठाए जनप्रतिनिधि

patrika

हवा में गूंजता हर-हर महादेव, शिव शंभू, ú नम: शिवाय की स्वर लहरिया, कहार के रूप में पालकी उठाए जनप्रतिनिधि

सुसनेर. हवा में गूंजता हर-हर महादेव, शिव शंभू, ú नम: शिवाय की स्वर लहरिया, कहार के रूप में पालकी उठाए जनप्रतिनिधि व धरा पर मौजूद भक्तों पर हेलिकॉप्टर से होती फूलों की बारिश, सड़क पर नाचती भूतों की बारात, दुल्हन-सा सजा नगर, श्रद्धा व आस्था से डीजे की धुन पर झूमती हजारों की भीड़ और फूलों से सजी पालकी में राजसी ठाठ से सवार नगराधिपति बाबा नीलकंठेश्वर व ओंकारेश्वर महादेव लाव-लश्कर के साथ नगर का हाल जानने निकले तो नगरवासियों ने पलक-पावड़े बिछाकर उनका स्वागत किया। पालकी में विराजमान बाबा की एक झलक पाने के लिए भक्त आतुर थे।
यह नजारा था भादौ के पहले सोमवार को शिव भक्त मंडल के तत्वावधान में निकाली गई शाही सवारी का। सवारी सवारी अड्डा गली, लुहार दरवाजा, स्टेट बैंक चौराहा, हाथी दरवाजा, पांच पुलिया क्षेत्र होते हुए शुक्रवारिया बाजार, सराफा बाजार, सत्यनारायण गली होते हुए पुन: मंदिर पहुंची। दूल्हे के रूप में पालकी में सजा भगवान भोलेनाथ का मुघौटा आकर्षण का केंद्र था। इस बार पालकी विशेष रूप से सजाई गई थी। रास्ते भर महिलाओं, लोगों ने बाबा का पूजन किया और आशीर्वाद लिया। भक्तगण आगे नाच रहे तो महिलाएं मंगल गीत गा रही थी। आर्यवीर सेवा दल पिपिलिया नानकार व आर्यवीर दल सुसनेर क्षेत्र के अखाड़ों के कलाकारों ने करतब दिखाए। सवारी के रात ८ बजे मंदिर पहुंचने पर पुन: आरती कर प्रसादी बांटी गई। सवारी की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस ने संभाल रखी थी। जवानों के द्वारा संभाल रखी थी। इसके पूर्व सुबह भगवान का अभिषेक व पूजन किया गया। दोपहर 12 बजे रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद ६४ माता मंदिर में चौसठ योगिनी की पूजा की गई। 12.30 भगवान के मुघौटे को ढोल-ढमाके के साथ कल्याण जीनिंग फैक्ट्री लाया गया और यहां से शाही सवारी शुरू हुई।
ये बने आकर्षण
सबसे आगे आर्यवीर दल का अखाड़ा करतब दिखा रहा था। उसके पीछे डीजे की धुन पर नाचती युवाओं की टोली, फिर ताशा पार्टी, गुजरात से आए कलाकार, नाथद्वारा से आई भूतों की बारात, बैंड पर ये भगवा रंग गीत की प्रस्तुति देते कुमारी काजल, ढोल, राधे-कृष्णा की झांकी, घोड़े पर सवार शिवाजी, रानी लक्ष्मीबाई, सुभाषचंद्र बोस की जीवंत झांकी मन मोह रही थी। शाही सवारी में सबसे अंत में फूलों से सजी पालकी थी। पालकी के आगे जनप्रतिनिधि और नगर के प्रतिष्ठित लोग सवारी मार्ग की सफाई करते चल रहे थे।
शुक्रवारिया बाजार में हरिहर मिलन
शुक्रवारिया बाजार पहुंचने पर लक्ष्मीनारायण मंदिर में हरिहर मिलन का हुआ। भगवान भोलेनाथ की सवारी की आरती की गई तथा प्रसादी बांटी गई।
चुनावी दौर में नेताजी रहे होड़ में
विधानसभा चुनाव में कुछ ही समय बचा है। ऐसे में विधायक के दावेदारों ने आयोजन के बहाने ताकत दिखाई। दोनो ही पार्टी से चुनाव में दावेदारी कर रहे नेताओं ने मंच लगाकर भक्तों का स्वागत किया। ऐसे में इन नेताओं की उपस्थिति चर्चा की विषय रही। सवारी में झांकी के रूप में एक नेताजी ट्रैक्टर पर सवार होकर चल रहे थे।
जगह-जगह स्वागत-सवारी का महूड़ी दरवाजे पर लौहार समाज, देवीसिह सरपंच, जैन इलेक्ट्रिक, स्टेट बैंक चौराहे पर शिवाजी राजे युवा उत्सव समिति खिड़की दरवाजा, पुराना थाने के पास भाजपा कार्यकर्ता, हाथी दरवाजे पर बोलबम कावड़ यात्रा संघ व अभा क्षत्रिय सौंधिया राजपूत युवा समिति, अभा सौंधिया समाज, पोलो क्लब, पालिका बाजार में पंचायत सचिव संगठन, युवा एकता मंच व राणा हाउस पर कांग्रेस, शुक्रवारिया बाजार में जैन समाज, हनुमान छत्री चौक शुक्रवारिया बाजार व्यापारी संघ, इतवारिया बाजार में हिंदू युवा क्रांतिकारी दल ने पुष्पवर्षा की व स्वल्पाहार कराया।
इन्होंने पूजन कर की शुरुआत-बाबा भोलेनाथ ही आरती की गई। आरती डॉ. गजेंद्रसिंह चंद्रावत ने की। इसके बाद जनप्रतिनिधियों व लोगों ने आरती की। भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप सकलेचा, महामंत्री प्रेम मस्ताना, विधायक मुरलीधर पाटीदार, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह कांवल, शिव भक्त मंडल अध्यक्ष कैलाश बजाज, कांग्रेस नेता राणा विक्रमसिंह, भेरूसिंह बापू, गुमानसिंह कजलास, भूपेंद्रसिंह चौहान, विष्णु पाटीदार, गोविंदसिंह बरखेड़ी, कालूसिंह गणेशपुरा मौजूद थे।
पंचायत सचिवों ने किया स्वागत -नगर में निकली शाही सवारी का पुराना बस स्टैंड पर पंचायत सचिव संगठन ने मंच लगाकर स्वागत किया। सुसनेर जनपद पंचायत के सभी सचिव मौजूद थे।

ट्रेंडिंग वीडियो