आगरा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मेयर भेंट करेंगे 12 इंच की चांदी की चाबी

 
इस चाबी की डिजाइन आगरा नगर निगम द्वारा तैयार कराई गई है। यह चाबी दिल्ली से बनकर आ रही है।

आगराFeb 22, 2020 / 12:11 pm

suchita mishra

Demo pic

आगरा। 24 फरवरी को आगरा आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उनकी पत्नी मेलेनिया ट्रंप के स्वागत की तैयारियों में पूरा आगरा प्रशासन मुस्तैदी से जुटा हुआ है। उनके स्वागत के दौरान उन्हें देश की विभिन्न संस्कृतियों से रूबरू भी कराया जाएगा। खेरिया एयरपोर्ट पर अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अगवानी के लिए भव्य स्वागत कार्यक्रम रखा गया है। इस दौरान आगरा के महापौर नवीन जैन डोनाल्ड ट्रंप को एक चांदी की चाबी भेंट करेंगे।
जानकारी के मुताबिक चांदी की चाबी लगभग 12 इंच की होगी जिस पर ताजमहल की आकृति बनी हुई है। इस चाबी की डिजाइन आगरा नगर निगम द्वारा तैयार कराई गई है। यह चाबी दिल्ली से बनकर आ रही है।
महापौर नवीन जैन के मुताबिक यह पहली बार होगा कि जब किसी देश के राष्ट्रपति को चाबी भेंट की जा रही है। आगरा आगमन पर उनका भव्य स्वागत करते हुए चांदी की चाबी एक प्रतीक के रूप में भेंट की जाएगी, जिससे वे सांकेतिक रूप से शहर के ताले को इस चाबी से खोलकर आगरा शहर में प्रवेश करेंगे। रास्ते में जगह-जगह विभिन्न सांस्कृतिक व स्वागत कार्यक्रमों के बीच से गुजरते हुए ताजमहल देखने जाएंगे।
महापौर के अनुसार कि शहर को सुंदर बनाने के साथ-साथ उसको भव्य रुप से सजाने का भी काम चल रहा है। ताज़महल देखने के बाद जब वे ढलती शाम को वापस जाएंगे तो पूरे रोड पर पोल पर तिरंगा लाइट से सराबोर शहर उन्हें दिखायी देगा। यहां अमेरिकी राष्ट्रपति का ऐसा ऐतिहासिक स्वागत होगा जो कहीं भी आज तक नहीं हुआ हुआ होगा।

Home / Agra / अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मेयर भेंट करेंगे 12 इंच की चांदी की चाबी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.