आगरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का यूपी सरकार पर बड़ा हमला, बोले सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण अन्नदाता आत्महत्या को मजबूर

जनपद के बाह विधानसभा क्षेत्र के हिंगोटखेड़ा गांव के मृतक किसान राजेश कुशवाह के परिजनों से मिलने आए थे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू।

आगराFeb 01, 2020 / 11:19 am

suchita mishra

ajay lallu

आगरा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने यूपी की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसान विरोधी है। प्रदेशभर में किसान भाजपा सरकार की नीतियों के कारण परेशान है और आत्महत्या करने को मजबूर हैं। बता दें कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आगरा जनपद के बाह विधानसभा क्षेत्र के हिंगोटखेड़ा गांव के मृतक किसान राजेश कुशवाह के परिजनों से मिलने आए थे। पीड़ित परिजनों से मिलकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बात की।
जनता के खून पसीने की कमाई से सरकार थपथपा रही पीठ
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पीड़ित किसान राजेश कुशवाह बटाई पर खेती करते थे। पिछले दिनों आवारा पशु उनकी पूरी फसल बर्बाद कर गए। राजेश इस सदमे को सह नहीं पाए क्योंकि उनके ऊपर पहले से भी कर्ज था। हताश और निराश होकर राजेश ने आत्महत्या कर ली। ऐसे में अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी को प्रदेश के किसानों की हालत पर बात करनी चाहिए। उनको शायद इस बात की खबर नहीं है कि भाजपा की किसान विरोधी नीतियों के कारण ही अन्नदाता आत्महत्या करने को मजबूर है। जनता के खून पसीने की कमाई से योगी सरकार झूठे विज्ञापनों के जरिए अपनी पीठ थपथपा रही है।

छुट्टा पशुओं के आतंक से जूझ रहा प्रदेश
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा की राजेश कुशवाह एक एक ऐसा उदाहरण हैं जिन पर भाजपा की जनविरोधी नीतियों की मार पड़ी है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में किसानों के सवालों पर कांग्रेस पार्टी सड़क पर संघर्ष करने के लिए तैयार है। पूरा प्रदेश छुट्टा पशुओं के आतंक से जूझ रहा है। किसानों को समय पर उनकी फसलों का दाम नहीं मिलता। फसल बीमा के नाम पर सरकार पूजी पतियों के साथ मिलकर किसानों को लूट रही है। गन्ना किसानों का पिछले दो वर्षों से एक पैसा भी नहीं बढ़ा। उनके घरों में बड़ी आर्थिक तंगी है। वे अपने बच्चों की स्कूल की फीस तक जमा नहीं कर पा रहे हैं। बीमारों का इलाज नहीं करवा पा रहे हैं। बेटियों की शादियां नहीं करवा पा रहे हैं। आखिर किसानों के खून पसीने की कमाई दबाकर सरकार किसे देना चाहती है?
आलू किसानों को नहीं मिलता सही दाम
उन्होंने कहा कि पूरे आगरा मंडल में आलू किसान परेशान हैं। कोल्ड स्टोरेज नहीं है। आलू का सही दाम नहीं मिलता। इन सारे सवालों को भी पार्टी प्रमुखता से उठाएगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों क़े प्रति गंभीरता को लेकर मुख्यमंत्री की पोल खुल चुकी है। उत्तर प्रदेश में आवारा पशुओं क़े आतंक से किसान हताश है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार से मांग हैं कि पीड़ित परिवार को अविलंब 25 लाख की सहयोग राशि दी जाए। इसके साथ ही प्रदेश में आवारा पशुओं क़े कारण जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, सर्वे कराकर उनको मुआवजा दिया जाए। रातभर खेतों में पहरा दे रहे किसानों क़े लिए भत्ता की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.