आगरा

डायल 100 ने धुना भाजपा पदाधिकारी, आरोप लगाकर कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

डायल 100 कर्मियों की शिकायत थाने में करने पहुंचे। पुलिस जांच में जुटी
 

आगराFeb 23, 2019 / 05:33 pm

अभिषेक सक्सेना

डायल 100 ने धुना भाजपा पदाधिकारी, आरोप लगाकर कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

आगरा। पिनाहट क्षेत्र में डायल 100 कर्मियों ने एक भाजपा पदाधिकारी के साथ मारपीट कर उसे थाने में ले गए। भाजपा पदाधिकारी की पिटाई की खबरें जब आईं तो कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। थाने पहुंचकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर हंगामा शांत कराया।
जमीन विवाद में पीटा
बताया गया है कि कस्बा के मोहल्ला टीचर कॉलोनी निवासी डॉक्टर सतीश जादौन भाजपा कार्यकर्ता हैं। वह कस्बा पिनाहट के नगर अध्यक्ष पद पर हैं। कार्यकर्ता सतीश का आरोप है कि नंदगवां मार्ग पर जोधपुरा के पास उनकी जमीन है जहां वह अपने जमीन पर शनिवार को सुबह कार्य करा रहे थे। तभी डायल 100 0072 वहां पहुंची और बिना कारण बताए हुए उनके साथ जमकर मारपीट की और उन्हें गाड़ी में बिठाकर थाना पिनाहट ले गए। आरोप हैं कि उनके साथ फिर दोबारा से मारपीट की गई। भाजपा कार्यकर्ता के साथ हुई बदसलूकी और मारपीट की सूचना पर दर्जनों की संख्या में क्षेत्रीय भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाने पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर जमकर हंगामा किया।
भाजपाइयों ने किया हंगामा
भाजपाइयों ने पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं थाना पुलिस को कार्यकर्ताओं ने मामले से अवगत कराकर उक्त डायल 100 कर्मियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया गया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.