आगरा

Chhath Pooja 2018 की तैयारियां हुईं शुरू, यहां होगा सबसे बड़ा आयोजन

पूर्वांचल के साथ आगरा में भी छठ पर्व को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।

आगराNov 11, 2018 / 06:27 pm

धीरेंद्र यादव

Chhath Pooja 2018

आगरा। पूर्वांचल के साथ आगरा में भी छठ पर्व को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। आगरा शहर में भी पूर्वांचल समाज के लोग काफी संख्या में रहते हैं, जो एक साथ होकर विधि विधान के साथ यमुना के घाटों पर छठ पर्व को मनाते हुए भगवान सूर्य की पूजा आराधना करते हैं। यमुना के घाटों पर मनाए जाने वाले इस पर्व की तैयारियों को लेकर रविवार को महापौर नवीन जैन ने बल्केश्वर घाट पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्वांचल सांस्कृतिक सेवा समिति के पदाधिकारियों और निगम अधिकारियों के साथ बल्केश्वर घाट का दौरा किया।
सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण
बल्केश्वर घाट पर महापौर नवीन जैन ने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें घाट पर गंदगी तो नहीं मिली, लेकिन फिर भी महापौर नवीन जैन ने मौके पर मौजूद ZSO दयाराम सिसोंदिया और SFI आदित्य पांडे को बल्केश्वर घाट पर छठ पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। छठ पर्व के दौरान रात में भी घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था उचित व्यवस्था हो इसके लिए महापौर ने बल्केश्वर घाट पर लगी लाइट को भी देखा जिसमे कुछ बंद पड़ी हुईं थीं। महापौर नवीन जैन ने फोन पर अधिशासी अभियंता संजय कटियार को लाइट दुरुस्त कराने और घाट पर अस्थाई रूप से लाइट लगाने के भी निर्देश दिए, जिससे घाट पर पर्याप्त प्रकाश रहे।
ये बोले संरक्षक
पूर्वांचल सांस्कृतिक सेवा समिति के संरक्षक अशोक चौबे का कहना था कि छठ पर्व को लेकर महापौर नवीन जैन ने बल्केश्वर घाट का दौरा किया है और सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया है, जो कमियां मिली हैं, उन्हें दूर करने के साथ कैलाश, हाथी घाट, पोइया घाट, रामबाग घाट पर भी सभी व्यस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए हैं। समिति के अध्यक्ष का कहना था कि यह पर्व चार दिनों तक चलता है, लेकिन दो दिन घाट पर विशेष रूप से पूजा अर्चना की जाती है। इस बार महापौर नवीन जैन ने इस पर्व में रुचि लेकर पहले से निगम की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं को पूरा किया गया है। निरीक्षण के दौरान निगम के ZSO दयाराम सिसोंदिया, SFI आदित्य पांडे, पूर्वांचल सांस्कृतिक सेवा समिति के सदस्य ओम प्रकाश, अखिल कुमार, सेंगर और समाज के लोग मौजूद रहे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.