आगरा

आगरा में माहौल बिगाड़ने की कोशिश, विवादित नारे लगाने का भी आरोप, 11 गिरफ्तार

आगरा मे होली के दिन हुए विवाद के बाद पथराव हो गया। एक पक्ष पर विवादित नारेबाजी करने का आरोप है। पुलिस ने 34 को नामजद करते हुए 50 के खिलाफ FIR दर्ज की है।

आगराMar 27, 2024 / 01:06 pm

Shivmani Tyagi

agra police

आगरा के थाना रकाबगंज के क्षेत्र स्थित ईदगाह नामनेर कुतलुपुर में होली खेलने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि होली खेलने को लेकर यहां दो अलग-अलग संप्रदाय के लोगों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पत्थरबाजी होने लगी। इसमें दो युवक घायल हो गए। आरोप ये भी है कि इस दौरान एक पक्ष ने पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी कर दी। इसके बाद क्षेत्रीय नागरिकों ने रकाबगंज थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी थाने पर इकट्ठा हो गए। हंगामे और घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने 34 लोगों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। अभी तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
नेताजी नगर रकाबगंज के रहने वाले विश्वजीत पात्रा के अनुसार घटनाक्रम सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वो मोहल्ले के लोगों के साथ होली खेल रहे थे। इसी दौरान जमील के चार पुत्र समेत कई युवकों ने उन पर हमला बोल दिया। मारपीट करते हुए पथराव भी किया। इससे होली खेलते लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और पुलिस भी आ गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी हमलावर पक्ष ने पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी भी की। एसीपी सदर पीयूष कांत राय का कहना है कि 34 लोगों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मीडिया को दिए एक बयान में उन्होंने कहा है कि अभी तक की जांच में पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए जाने के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
विश्वजीत पात्रा की ओर से इस मामले में तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आगरा के ही रहने वाले जमील, सलीम, रहीस, शौकत, राहुल, बंटी, चांद, चमन और शाहिद समेत 34 लोगों को नामजद किया है। इनके अलावा 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध बलवा, पथराव और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी सदर सर्किल पीयूष कांत राय ने बताया एक पक्ष ने रंग डालने के बाद विवाद होने की बात कही है कि जबकि पीड़ित पक्ष के अनुसार दीवार की तराई करते हुए पानी गिरा है। फिलहाल पूरे मामले और सभी तरह के आरोपों की जांच की जा रही है
आगरा से प्रमोद कुशवाह कि रिपोर्ट
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.