पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “जो हथियारों के दलाल हैं जो घूस देकर अपना काम कराने के एक्सपर्ट हो गए थे, पुरानी सरकारों में बैठे लोगों को भी मजा आता था। वे अब बौखला गए हैं। वे नाराज हो गए हैं। वे नहीं चाहते कि भारत आत्मनिर्भर बने। फिर एक बार बीजेपी एनडीए सरकार लाना आवश्यक है। मोदी की गारंटी सबका साथ सबका विकास ही है।”
कांग्रेस आए दिन संविधान का अपमान करती है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, “आजादी के बाद से ही यह स्पष्ट हो गया कि भारत में कभी भी धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा, यह संविधान सभा में चर्चा करने के बाद तय हुआ है। भारत का संविधान भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण की सहमति नहीं देता है लेकिन कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो आए दिन बाबा साहेब द्वारा बनाए गए संविधान का अपमान करती है और सामाजिक न्याय की धज्जियां उड़ा देती है। उन्होंने आगे कहा, “इसी कांग्रेस ने कभी कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और अपने घोषणापत्र में बार- बार धर्म के आधार पर आरक्षण की वकालत की। देश की अदालत कांग्रेस को ऐसा करने से बार- बार मना कर चुकी है। इसीलिए कांग्रेस ने पिछले दरवाजे से खेल खेलना शुरू किया है। उन्होंने तरीका निकाला है कि जो OBC का 27% का कोटा है उसमें से कुछ चोरी कर लिया जाए।”
कांग्रेस की घोषणा पत्र में है मुस्लिम लीग की छाप
पीएम मोदी ने कहा, “समाजवादी पार्टी, कांग्रेस का INDI गठबंधन घोर तुष्टीकरण में डूबा है। उन्होंने जो घोषणापत्र जारी किया है उसमें शत- प्रतिशत मुस्लिम लीग की छाप है। कांग्रेस का पूरा घोषणापत्र सिर्फ वोट बैंक को मजबूत करने के लिए समर्पित है। हमारा घोषणापत्र देश को मजबूत करने के लिए समर्पित है।”