
आगरा। शार्टकट सूनसान रास्तें से रात को घर वापस जाना फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट को भारी पड़ गया। गुरुद्वारा गुरु का ताल रेलवे ओवरब्रिज पर रात को बाइक सवार बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट को गोली मारकर 2.90 लाख रुपये लूटकर ले लिए। फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। घायल एजेंट को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैश कलेक्शन के बाद घर वापस आ रहा था युवक
बताया गया है कि सिकंदरा हाईवे स्थित भाग्य नगर निवासी अनिल कुमार पुत्र ओम प्रकाश चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट है। कंपनी का कार्यालय सिकंदरा आवास विकास कॉलोनी स्थित पदम प्लाजा में है। रात को अनिल कैश कलेक्शन करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गुरु का ताल रेलवे ओवरब्रिज से बने शार्टकट रास्ते से गुजरा, वैसे ही बाइक सवार बदमाश अनिल से रुपयों भरा बैग लूटने लगे।बैग न छोड़ने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी। अनिल के गिरने के बाद बदमाश बैग लेकर भाग गए। गोली की आवाज और अनिल की चीख-पुकार सुनकर बस्ती के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने 100 नंबर पर घटना की सूचना दी।
एसपी सिटी पहुंचे मौके पर
लोगों ने घायल के परिजनों को इस घटना की सूचना दी। परिजन पुलिस की मदद से घायल अनिल को निजी अस्पताल ले गए। अनिल ने पुलिस को बताया बैग में दो लाख नब्बे हजार रुपये थे। घटना की जानकारी होने पर एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह और सीओ हरीपर्वत श्लोक कुमार मौके पर पहुंच गए। एसपी सिटी ने बताया कि बदमाशों का सुराग लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रेकी कर रहे थे बदमाश
अनिल ने पुलिस को बताया वह पार्टियों से दिन भर का कैश कलेक्शन करके लौट रहा था। बदमाश रेलवे ओवरब्रिज पर चढ़ते ही उसके पीछे लग गए। पुल से नीचे उतरते ही उसके किनारे बने ढाबे के बराबर से रास्ता भाग्य नगर की ओर जाता है। अनिल रोज इसी रास्ते से जाता है। माना जा रहा है कि बदमाशों ने रेकी की है।
Published on:
14 Dec 2017 07:42 am
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
