scriptआगरा का पुलिस बल मथुरा और मैनपुरी में कराएगा चुनाव | Nikay Chunav 2017 agra police sent to Mathura mainpuri | Patrika News

आगरा का पुलिस बल मथुरा और मैनपुरी में कराएगा चुनाव

locationआगराPublished: Nov 23, 2017 06:02:58 pm

आगरा मंडल के मथुरा और मैनपुरी जिले में 26 नवम्बर को नगर निकाय चुनाव के तहत वोटिंग होगी।

Nagar Nikay Chunav UP 2017

Nagar Nikay Chunav UP 2017

आगरा। आगरा मंडल के मथुरा और मैनपुरी जिले में 26 नवम्बर को नगर निकाय चुनाव के तहत वोटिंग होगी। मतदान निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए आगरा का पुलिस बल मथुरा और मैनपुरी रवाना हो गया है। आगरा में पुलिस बल की कमी है। जानकार लोगों ने नागरिकों से कहा है कि चार दिन तक अपनी सुरक्षा स्वयं करें, पुलिस के भरोसे न रहें। जब यहां पुलिस है ही नहीं तो सुरक्षा कैसे होगी।
26 नवम्बर को होगा मतदान
आगरा में 22 नवम्बर, 2017 को मतदान हुआ था। यहां पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की। इसी का परिणाम था कि आगरा में कोई बड़ी घटना नहीं हुई। इसके चलते आगरा के पुलिस बल को मथुरा और मैनपुरी भेजा गया है। मथुरा और मैनपुरी में 26 नवम्बर, 2017 को मतदान होगा।
25 नवम्बर को रवाना होंगी मतदान टोलियां
उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के अंतर्गत मथुरा और मैनपुरी में 24 नवम्बर की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। इसके साथ ही पुलिस का काम बढ़ जाएगा। वह इसलिए कि चुनाव प्रचार बंद होते ही प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं को खरीदने का प्रयास करते हैं। शराब तक पिलाई जाती है। पुलिस नजर रखती है कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन न होने पाए। 25 नवम्बर को मतदान टोलियां मतदान केन्द्रों के लिए रवाना होंगी। 26 नवम्बर को सुबह 7.30 बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होना है। मतदान के दौरान कोई गड़बड़ी न हो, यही पुलिस का मुख्य काम है। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि आगरा का पुलिस बल दोनों जिलों में अच्छा काम करेगा।
मथुरा पर भाजपा का ध्यान
मैनपुरी और मथुरा में चुनाव की बिसात बिछ चुकी है। मथुरा को लेकर भारतीय जनता पार्टी बहुत गंभीर है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दौरा कर चुके हैं। सांसद और सिनेस्टार हेमा मालिनी लगातार सभाएं कर रही हैं। उत्तर प्रदेश के मंत्री श्रीकांत शर्मा और चौधरी लक्ष्मी नारायण भी जनता के बीच सक्रिय हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो