आगरा

यूपी में माया अखिलेश गठबंधन का तोड़ देंगे केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी

पांच लोकसभा सीटों पर मोर्चा संभालेंगे नितिन गड़करी, 23 जनवरी को आएंगे आगरा, आगरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, मथुरा, हाथरस लोकसभा के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे गड़करी करेंगे

आगराJan 20, 2019 / 10:08 am

अभिषेक सक्सेना

nitin gadkari

आगरा। सूबे में पिछली बार 73 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की थी। इस बार 74 सीटों पर जीत के लिए भाजपाई दावा कर रहे हैं। लेकिन, यूपी में मायावती और अखिलेश यादव ने गठबंधन कर वोट प्रतिशत के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऐसे में भाजपाई अब इस गठबंधन का तोड़ तलाशने में जुटे हैं। पांच लोकसभा सीटों के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी आगरा में भाजपा का सेक्टर संयोजक सम्मेलन करेंगे। 23 जनवरी को आगरा में ये सम्मेलन होगा।
जाट लैंड में होगा सम्मेलन
भाजपा सेक्टर संयोजक सम्मलेन में भारत सरकार के सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 23 जनवरी को आगरा आएंगे। ये सम्मेलन आगरा फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में होगा। इस कार्यक्रम में करीब ढाई हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना हैं। जिसमें सेक्टर संयोजक, प्रभारी, मंडल के पदाधिकारी जिले के पदाधिकारी और क्षेत्र के पदाधिकारी, मोर्चा के अध्यक्ष, प्रदेश के पदाधिकारियों और सांसद, विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे
इस कार्यक्रम की तैयारी पूरे जोर-शोर से प्रारंभ हो गई है। इस कार्यक्रम के आगरा कमिश्नरी के संयोजक हेमेंद्र शर्मा ने बताया कि आगरा जिला, महानगर फिरोजाबाद मथुरा और मैनपुरी सहित पांच लोकसभा सीटों के कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। इस कार्यक्रम की व्यवस्था आगरा जिले की टीम को सौंपी गई है। जिसमें जिला अध्यक्ष श्याम भदौरिया के नेतृत्व में व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं की टीम लगा दी गई।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.