आगरा

घायल को अस्पताल पहुंचाओ और ले जाओ दो हजार का इनाम

परिवहन ने शुरू की घायल को दो हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की योजना, पुलिस के लिए पहले से ही जारी हुई हैं गाइड लाइंस

आगराNov 15, 2018 / 02:13 pm

अभिषेक सक्सेना

घायल को अस्पताल पहुंचाओ और ले जाओ दो हजार का इनाम

आगरा। हादसे में घायल हुए शख्स को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए लोग तैयार नहीं होते थे। बचकर निकल जाते थे। लेकिन अब घायल का मददगार बनने पर इनाम भी मिलेगा। दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल तक पहुंचाने वाले को दो हजार रुपए का इनाम मिलेगा। परिवहन विभाग ने ये स्कीम लागू कर दी है। इस योजना के लागू होने के बाद सड़क हादसे में घायल की मदद करने वालों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। वहीं घायलों को भी जल्द इलाज मिलने की संभावनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं।
परिवहन विभाग देगा दे हजार रुपए
सड़क हादसे में घायल हुए व्यक्ति को यदि समय पर उपचार मिल जाए तो उसकी जान बचाने की संभावनाएं कई गुना बढ़ जाती हैं। चिकित्सकों का कहना है कि हादसे के बाद के दस बीस मिनट का समय बहुत कीमती होता है। इस समय में यदि उपचार मिल जाए तो जान बचने की संभावनाएं बढ़ जाती है। हर साल लाखों लोग सड़क हादसे में घायल हो जाते हैं। हादसे के बाद लोग मदद करने के बजाए या तो वहां से निकल जाते हैं या फिर तमाशाबीन बनते हैं। लेकिन, मदद नहीं करते। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मुकेश वत्स का कहना है कि अगर कोई दुर्घटना में घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाता है तो परिवहन विभाग उसे दो हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देगा। इसके लिए जिस अस्पताल में घायल को ले जाया गया है, उस अस्पताल का डाक्टर घायल को भर्ती करने के दौरान लाने वाले का नाम लिखेगा और उसके आधार पर यह व्यवस्था की जाएगी।
पुलिस गाइड लाइंस पहले से ही जारी
सड़क हादसे में घायलों की मदद करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पहले से ही गाइड लाइंस बनाईं हैं कि पुलिस घायल व्यक्ति को लाने वाले को परेशान नहीं करेगी। वहीं अब घायल की मदद करने वाले को मिलने वाली दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के बाद मदद करने वालों का रुझान और बढ़ने की संभावनाएं हैं।

Home / Agra / घायल को अस्पताल पहुंचाओ और ले जाओ दो हजार का इनाम

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.