scriptपीएम मोदी ने इस बड़ी रैली में तीन बार पूछा, आपके शहर को गंगाजल मिला की नहीं? उस शहर के प्यासे लोग फोड़ रहे मटके… | People protest for water after pm modi rally about gangajal project | Patrika News

पीएम मोदी ने इस बड़ी रैली में तीन बार पूछा, आपके शहर को गंगाजल मिला की नहीं? उस शहर के प्यासे लोग फोड़ रहे मटके…

locationआगराPublished: Apr 30, 2019 08:26:23 pm

पीएम मोदी ने गंगाजल की जिस उपलब्धि का लाखों की भीड़ में बखान कर मांगे थे वोट, उस शहर के लोग पानी के लिये उतरे सड़कों पर, फोड़ रहे मटके।

PM Modi

PM Modi

आगरा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोठी मीना बाजार में जनसभा को संबोधित करते हुये लोकसभा चुनाव 2019 के लिये भाजपा का एजंडा बताया। साथ ही भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुये कहा था कि आगरा और मथुरा को गंगाजल के रूप में बड़ी सौगात दी गई है। 3 हजार करोड़ की गंगाजल की इस परियोजना से पेयजल की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है। गंगाजल की योजना उस सभा के साथ ही गुम हो गई। अब आलम ये है कि प्यासा आगरा गंगाजल तो दूर, सादा पानी के लिये भी जूझ रहा है।
पानी के लिये हाहाकार
जनता करती हाहाकार, जागो जागो हे सरकार.. प्यासी जनता करे पुकार, पानी दो हमको सरकार.. डीएम अंकल पानी दो, जीएम अंकल पानी दो.. मोदी अंकल पानी दो.. योगी अंकल पानी दो.. इन नारों लिखी तख्तियों के साथ गगनभेदी नारे लगाते हुए मंगलवार को सेवा आगरा द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं के साथ में जल संकट के निदान के लिए वाटर वर्क्स चौराहा से जलकल कार्यालय तक जोरदार पैदल मार्च करते हुए प्रदर्शन किया गया। कार्यालय के बाहर खाली मटके फोड़े और महाप्रबंधक आरएस यादव का घेराव कर उन्हें अपनी पीड़ा से अवगत कराते हुए ज्ञापन दिया। महिलाओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए अपने हाथों की चूड़ियां उतार कर जीएम आरएस यादव को भेंट कर दी।
पानी के लिये मारामारी
इस मौके पर सेवा आगरा के संस्थापक अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल पेंट और संस्थापिका सुमन गोयल ने कहा कि तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पार हो चुका है। लू चलने लगी है। गंगाजल और यमुना जल होने के बावजूद शहर में जल संकट बना हुआ है। पानी के लिए मारामारी हो रही है। जनता एक किलोमीटर दूर से पानी भरकर लाने को मजबूर है। निजी टैंकर त्रस्त जनता से मनमाने दाम वसूल रहे हैं। जनता को बदबूदार और प्रदूषित पानी मिल रहा है। शिकायतों की अनदेखी की जा रही है। अधिकारियों की लापरवाही ने परेशानी बढ़ा दी है। अगर इस जल संकट का निदान जल्द नहीं किया गया तो सेवा आगरा जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर और बड़ा आंदोलन करेगी।
ये रहे मौजूद
इस दौरान मुरारी लाल गोयल पेंट, सुमन गोयल, पार्षद धर्मवीर सिंह, भास्कर सिंह, मधुकर सिंह, किरन वर्मा, पिंकी कुमारी, रेशमा पिप्पल, मोहिनी कुमारी, चेतन वर्मा, रेखा देवी, अनिल कुमार, इंदिरा देवी, विमला देवी, अनीता देवी, ममता देवी, रिषभ गर्ग, अर्जुन सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। जीएम जल कल ने इस मौके पर ज्ञापन लेते हुए कहा कि ज्ञापन में लिखी गई बातें सत्य हैं। इन समस्याओं से अवगत हैं और इन समस्याओं के निदान के लिए जल्दी से जल्दी सारे प्रयास किए जाएंगे।
UP News से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Uttar Pradesh Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..

UP Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download करें patrika Hindi News App .
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो