आगरा के कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज के चौकीदार मन बहादुर ने 41 लाख की चोरी कर ली। चौकीदार मन बहादुर नेपाल का रहने वाला है। कीठम में रहते हुए यहां पर इंजीनियरिंग कॉलेज में चौकीदारी कर रहा था। कॉलेज की तिजोरी में सोमवार को छात्रों की फीस के 41 लाख रुपये रखे गए थे। तिजोरी की चाबियां मन बहादुर के पास थीं। उसने सोमवार की रात में पूरी रकम चोरी की। इसे दो हिस्सों में बांट दिया। 28 लाख रुपये बेटे संजय और पुत्र वधू को दिए। 13 लाख दामाद को दे दिए। चारों नेपाल के लिए चल दिए। बेटा संजय और पुत्रवधू साथ थे। मन बहादुर और दामाद अलग-अलग थे। मंगलवार सुबह कॉलेज खुलने पर चोरी का पता चला। इसके बाद मन बहादुर की तलाश शुरू हुई।
चोरी का पता चलने पर पुलिस ने सर्विलांस पर फोन लगाए। मन बहादुर दिल्ली से पकड़ा गया। उससे रकम नहीं मिली। उसने पूरा प्लान बता दिया। इसके बाद बेटे संजय और पुत्रवधू को मुरादाबाद से पकड़ा गया। ये दोनों नोटों से भरे बोरे को लेकर नेपाल जा रहे थे। पुलिस ने भारत नेपाल मैत्री बस को रुकवा कर चेकिंग की तो पाकबड़ा में गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से करीब तीस लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी दंपती से पूछताछ कर रही है। चौकीदार के फरार दामाद की तलाश की जा रही है।