आगरा

अगर यहां भी हो गया गठबंधन तो परिणाम आएगा चौंकाने वाला

आगरा उत्तर सीट पर उपचुनाव 19 मई को होगा। मतगणना 23 मई को होनी है।

आगराApr 20, 2019 / 01:08 pm

suchita mishra

by election

आगरा। भारत निर्वाचन आयोग ने आगरा उत्तर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। 19 मई को मतदान होना है। यह सीट भारतीय जनता पार्टी के विधायक जगन प्रसाद गर्ग के देहावसान के बाद रिक्त हुई है। इस सीट को लेकर हर किसी में उत्सुकता है। जानकारों का कहना है कि अगर लोकसभा की तरह आगरा उत्तर सीट पर भी सपा-बसपा गठबंधन हो गया तो भाजपा को यह सीट बचाना लोहे के चने चबाना जैसा साबित होगा। भाजपा के सामने अपने अभेद्य दुर्ग को बचाना सबसे बड़ी चुनौती होगा।
वर्ष 2012 दोहराया जाएगा क्या
वर्ष 2012 के चुनाव परिणाम की मीमांसा करें तो पाते हैं कि सपा और बसपा गठबंधन मिलकर भाजपा से अधिक वोट लाए हैं। बसपा के राजेश अग्रवाल को 45,045 तथा समाजवादी पार्टी के अभिनव शर्मा को 29,499 मिले थे। दोनों के वोट को जोड़ दें तो कुल वोट होते हैं- 74,544। भाजपा प्रत्याशी जगन प्रसाद गर्ग को मिले थे 68,401 वोट। इस तरह 6143 वोट अधिक बैठते हैं। हालांकि यह अंतर बहुत अधिक नहीं है, लेकिन जीत-हार तो एक वोट से भी होती है। यहां ध्यान देने की बात यह यह है कि 2017 का चुनाव परिणाम ऐसा है कि तीन दल मिलकर भी भाजपा के आसपास नहीं बैठते हैं।
क्या कहते हैं भाजपा महानगर अध्यक्ष
इस बारे में पूछे जाने पर भाजपा के महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे ने कहा कि आगरा उत्तर सीट में जीतने का रिकॉर्ड बनाएंगे। ‘ठगबंधन’ से हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है। आगरा लोकसभा में भी ठगबंधन का कोई असर नहीं है। चुनाव परिणाम आने दीजिए, सब सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि 2017 का चुनाव परिणाम देखिए, सभी दल मिलकर भी आसपास नहीं ठहर रहे हैं।
सपा महानगर अध्यक्ष ने क्या कहा
सपा के महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार का कहना है कि आगरा उत्तर सीट पर क्या होगा, अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश का इंतजार है। उन्हें समस्त स्थितियों से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा तो अबकी भारतीय जनता पार्टी को धूल चटा देंगे। 2012 को फिर से दोहराया जा सकता है।
वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव चुनाव परिणाम (16 प्रत्याशी)
भाजपा, जगन प्रसाद गर्ग, वोट मिले 1,35,120 (प्रतिशत 58.55)
बसपा, इंजीनियर ज्ञानेन्द्र गौतम, वोट मिले 48,800 ( प्रतिशत 21.14)
सपा, अतुल गर्ग, वोट मिले 36,739 (प्रतिशत 15.92)
रालोद, कर्नल उमेश वर्मा, वोट मिले 1214 (प्रतिशत 0.53)
निर्दलीय, डॉ. कुंदनिका शर्मा, वोट मिले 3275 (प्रतिशत 1.43)
कुल वोट पड़े 2,30,769 (प्रतिशत 58.35)

वर्ष 2012 का विधानसभा चुनाव परिणाम (21 प्रत्याशी)
भाजपा, जगन प्रसाद गर्ग, वोट मिले 68,401 (प्रतिशत 34.77)
बसपा, राजेश कुमार अग्रवाल, वोट मिले 45,045 (प्रतिशत 22.90)
कांग्रेस, सुमित गुप्ता बिभब, वोट मिले 38,258 (प्रतिशत 19.45)
सपा, अभिनव शर्मा, वोट मिले 29,499 (प्रतिशत 15)
राष्ट्रीय समानता दल, हरिओम चौधरी, वोट मिले 5478 (प्रतिशत 2.78)
कुल वोट पड़े 196716 (प्रतिशत 55.34)
वर्ष 2007 का विधानसभा चुनाव परिणाम (19 प्रत्याशी)
भाजपा, जगन प्रसाद गर्ग, वोट मिले 31,200
बसपा, सर्व प्रकाश कपूर उर्फ शौकी भाई, वोट मिले 22,937
कांग्रेस, राम टंडन, वोट मिले 15,844
डॉ. डीसी गोयल, जन मोर्चा, वोट मिले 11,338
ऊदल सिंह, सपा, वोट मिले 5,206
कुल वोट पड़े 89163
वर्ष 2002 का विधानसभा चुनाव परिणाम (16 प्रत्याशी)
भाजपा, जगन प्रसाद गर्ग, वोट मिले 30,515 (वोट प्रतिशत 38.44)
कांग्रेस, गोविन्द अग्रवाल, वोट मिले 17,766 (वोट प्रतिशत 22.38)
सपा, डॉ. डीसी गोयल, वोट मिले 13,741 (वोट प्रतिशत 17.31)
बसपा, सुशील कुमार गोयल, वोट मिले 12,904 (वोट प्रतिशत 16.25)
राष्ट्रीय क्रांति पार्टी, रघुनाथ, वोट मिले 1,929 (वोट प्रतिशत 2.43)
निर्दलीय, हरिहर पुरी, वोट मिले 1,171 (वोट प्रतिशत 1.47)
कुल वोट पड़े 79393 (प्रतिशत 38.19)
UP News से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Uttar Pradesh Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter UP पर ..

UP lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download करें patrika Hindi News App

Home / Agra / अगर यहां भी हो गया गठबंधन तो परिणाम आएगा चौंकाने वाला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.